Akshara Singh Latest News: उत्तर प्रदेश के वृंदावन के प्रसिद्ध कथावाचक इंद्रेश उपाध्याय ने अपने जीवन के सबसे खास अध्याय की शुरुआत करते हुए जयपुर में शिप्रा शर्मा के साथ विवाह के बंधन में बंध गए. यह शाही शादी ताज आमेर होटल में हुई, जहां भव्य साज-सज्जा और पारंपरिक रस्मों के बीच दोनों ने एक-दूसरे का हाथ थामा. समारोह में आध्यात्मिक, राजनीतिक और मनोरंजन जगत की कई हस्तियां मौजूद रहीं, जिससे यह विवाह और भी खास बन गया.
इंद्रेश उपाध्याय की शादी में बागेश्वर धाम पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र शास्त्री भी विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहे. मंडप में बैठे नवविवाहित जोड़े के पीछे शास्त्री की उपस्थिति ने पूरे माहौल को और भक्तिमय बना दिया. रस्मों के दौरान उनकी उपस्थिति को लोगों ने भावनात्मक जुड़ाव के रूप में देखा.
अक्षरा सिंह का वीडियो संदेश, ‘भैया-भाभी से माफी’
भोजपुरी सिनेमा की लोकप्रिय अभिनेत्री अक्षरा सिंह को भी इस विवाह में आमंत्रित किया गया था, लेकिन व्यस्तता के कारण वह शामिल नहीं हो सकीं. उन्होंने सोशल मीडिया पर इंद्रेश और शिप्रा की शादी का वीडियो साझा करते हुए एक भावुक संदेश लिखा.
अक्षरा ने कहा कि भले ही वह समारोह में नहीं आ पाईं, लेकिन उनके दिल से नवविवाहित जोड़े के लिए ढेरों शुभकामनाएं हैं. उन्होंने अपने संदेश में उम्मीद जताई कि वह जल्द ही शिप्रा शर्मा से मुलाकात करेंगी. उनका यह संदेश फैन्स के बीच खूब सराहा गया.
शुभकामनाओं के बीच वीडियो ने खींचा ध्यान
अक्षरा द्वारा साझा किया गया वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, जिसमें इंद्रेश उपाध्याय और शिप्रा शर्मा पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ सप्तपदी ले रहे हैं. पीछे बैठे धीरेंद्र शास्त्री और मंडप की सजावट ने इस वीडियो को और भी आकर्षक बना दिया.
कैप्शन में अक्षरा ने लिखा, “प्यारे भैया-भाभी को शादी की हार्दिक शुभकामनाएं और ना आ पाने के लिए माफी. भाभी को जल्द मिलने आऊंगी.” यह सादगी भरा संदेश प्रशंसकों को बेहद पसंद आया.
राजस्थान के उपमुख्यमंत्री और कई संत भी रहे उपस्थित
शादी में राजस्थान के उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई. उनके अलावा श्री मलूक पीठाधीश्वर संत राजेंद्र दास, देवकीनंदन ठाकुर, पुंडरीक गोस्वामी और संत अलबेली माधुरी शरण जैसे कई आध्यात्मिक गुरु भी इस अवसर पर पहुंचे और नवविवाहित जोड़े को आशीर्वाद दिया. समारोह में प्रसिद्ध गायक बी प्राक की मौजूदगी ने माहौल को और खुशगवार बना दिया. उनकी मौजूदगी से शादी में संगीत और मनोरंजन का रंग भी भर गया.
अक्षरा की पिछली उपस्थिति भी चर्चा में रही
हाल ही में अक्षरा सिंह एक अन्य शादी में शामिल हुई थीं, जहां उन्होंने महिलाओं के साथ जमकर डांस किया था. उस वीडियो में भी उन्होंने अपने चिर-परिचित अंदाज में यूपी-बिहार की शादियों की मस्ती को दर्शाया था.
इसी वजह से इंद्रेश की शादी में उनकी अनुपस्थिति से फैन्स थोड़े निराश दिखे, लेकिन उनका माफी संदेश यह दिखाता है कि वह अपने जुड़े लोगों और रिश्तों को कितना महत्व देती हैं.
यह भी पढ़ें- मिचेल स्टार्क ने इंग्लैंड के खिलाफ मचाया तहलका, ऐसा कारनामा करने वाले बने दुनिया के तीसरे खिलाड़ी