टीवी इंडस्ट्री की ‘लाफ्टर क्वीन’ भारती सिंह के घर एक बार फिर खुशियों की किलकारी गूंजी है. 19 दिसंबर 2025 को कॉमेडियन भारती सिंह दूसरी बार मां बनीं और उनके पति हर्ष लिंबाचिया के साथ उनके परिवार में एक नन्हे मेहमान की एंट्री हुई. बेटे के जन्म के बाद से ही कपल को फैंस और इंडस्ट्री के दोस्तों की ओर से लगातार बधाइयां मिल रही हैं.
नन्हे राजकुमार के आने के बाद भारती और हर्ष ने सोशल मीडिया पर अपनी खुशी जाहिर की. दोनों ने इंस्टाग्राम पर एक साथ पोस्ट शेयर किया, जिसमें एक प्यारा सा वीडियो शामिल है. इस वीडियो में कपल ने बेबी बॉय के कपड़े दिखाते हुए अपने फैंस को बताया कि वे एक बार फिर बेटे के मम्मी-पापा बन गए हैं. पोस्ट के कैप्शन में दोनों ने मजाकिया अंदाज में लिखा, “Limbachiyaa & Sons… फिर से लड़का हुआ है.”
बधाइयों से भर गया कमेंट सेक्शन
पोस्ट सामने आते ही कमेंट सेक्शन में बधाइयों की बाढ़ आ गई. सेलेब्स से लेकर फैंस तक, सभी कपल को ढेरों शुभकामनाएं दे रहे हैं. कुछ यूजर्स ने मजेदार अंदाज में बच्चे को प्यार से ‘काजू’ और ‘गोले का भाई’ तक कह डाला. वहीं कई फैंस ने कपल को नजर से बचाने की सलाह भी दी और लिखा कि बच्चे को कुछ समय तक प्राइवेट रखें.
क्यों बोले यूजर्स – “नजर लग गई”?
दरअसल, भारती और हर्ष ने पहले ही खुलकर कहा था कि वे इस बार बेटी की उम्मीद कर रहे हैं. ऐसे में बेटे के जन्म की खबर के बाद कुछ यूजर्स ने मजाक और भावनाओं के मिले-जुले अंदाज में लिखा कि “नजर लग गई.” कई फैंस ने यह भी कहा कि वे “गर्ल टीम” में थे और बेटी के आने की दुआ कर रहे थे.
बेटी की चाह खुलकर जता चुकी हैं भारती
भारती सिंह ने अक्टूबर 2025 में अपनी दूसरी प्रेग्नेंसी का ऐलान किया था. उस वक्त उन्होंने कई इंटरव्यू और अपने पॉडकास्ट में यह बात खुलकर कही थी कि वे एक बेटी चाहती हैं. हाल ही में दोनों ने हंसी-मजाक में यह भी कहा था कि अगर इस बार भी बेटा हुआ तो वे तीसरे बच्चे की प्लानिंग करेंगे. इस बातचीत का वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुआ था.
शादी से लेकर पैरेंटहुड तक का सफर
भारती सिंह और हर्ष लिंबाचिया ने साल 2017 में शादी की थी. शादी के करीब पांच साल बाद, 2022 में दोनों पहली बार माता-पिता बने और बेटे का नाम लक्ष्य रखा, जिसे वे प्यार से ‘गोला’ कहते हैं. अब परिवार में एक और बेटे के आने से उनकी खुशियां दोगुनी हो गई हैं.
यह भी पढ़ें: 15 वें दिन धुरंधर ने की छप्पड़ फाड़ कमाई, 500 करोड़ के करीब पहुंची फिल्म