टीवी की दुनिया की जानी-मानी कॉमेडियन भारती सिंह और उनके पति हर्ष लिम्बाचिया ने एक बार फिर खुशखबरी साझा की है. साल 2022 में बेटे लक्ष्य (प्यार से जिसे ‘गोला’ कहा जाता है) के जन्म के बाद अब यह प्यारा जोड़ा अपने दूसरे बच्चे के स्वागत की तैयारी में जुट गया है.
सोमवार को इस जोड़ी ने अपने इंस्टाग्राम पर एक खूबसूरत तस्वीर साझा करते हुए दूसरी प्रेग्नेंसी की आधिकारिक घोषणा की. इस तस्वीर में भारती और हर्ष बेहद भावुक पल साझा करते नजर आ रहे हैं. हर्ष, भारती के बेबी बंप को नर्मी से छूते हुए दिख रहे हैं, जबकि भारती मुस्कराते हुए उनके करीब खड़ी हैं. पोस्ट के कैप्शन में उन्होंने लिखा "हम फिर से प्रेग्नेंट हैं." इस एक लाइन ने सोशल मीडिया पर हलचल मचा दी और फैंस की बधाइयों और मजेदार प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई.
सोशल मीडिया पर ‘नामकरण’ के मजेदार सुझाव
भारती के मजाकिया स्वभाव को जानते हुए, उनके फैंस भी कम नहीं रहे. कई यूज़र्स ने बच्चे के नाम को लेकर हास्य से भरपूर सुझाव दिए. एक यूज़र ने लिखा, "पहले बच्चे का नाम गोला रखा है, अब दूसरे का बारूद रख दो. फिर तो घर में गोला-बारूद पूरा हो जाएगा!" किसी ने सुझाव दिया, "अगर बेटी हो तो नाम गोली रख देना, फिर हो जाएंगे गोला और गोली."
वहीं एक और फैन बोला, "गप्पा रखो... फिर दोनों होंगे गोल-गप्पा!"
स्विट्जरलैंड से फैमिली को दिया गया सरप्राइज भारती और हर्ष ने सिर्फ फैंस ही नहीं, बल्कि अपने परिवार को भी इस खुशखबरी से खास अंदाज़ में चौंकाया. उन्होंने अपनी स्विट्जरलैंड ट्रिप का एक वीडियो व्लॉग साझा किया, जिसमें ये खबर बताने का पूरा रोमांच नजर आता है. वीडियो में दिखाया गया है कि भारती और हर्ष अपने पूरे परिवार के साथ स्विट्जरलैंड की बर्फीली वादियों में पहुंचे हैं. जिसमें उनकी मां, बहन, ससुराल पक्ष और छोटे बच्चे भी शामिल हैं. लेकिन इस खुशखबरी की भनक परिवार के किसी सदस्य को भी नहीं थी.
बर्फ से ढकी पहाड़ी की चोटी पर, भारती और हर्ष एक बड़े से लकड़ी के फ्रेम के पीछे खड़े नजर आते हैं, साथ में उनके बेटे गोला को भी रखा गया है. जैसे ही परिवार पास आता है, ये कपल एक बैनर खोलता है जिस पर लिखा होता है. गोला बड़ा भाई बनने वाला है.इस पल में परिवार के चेहरे पर आश्चर्य, खुशी और भावुकता साफ दिखाई देती है.
फैंस की दुआओं और प्यार की बौछार
घोषणा के बाद से ही सोशल मीडिया पर शुभकामनाओं का तांता लगा हुआ है. भारती और हर्ष का यह नया अध्याय फैंस के लिए भी बेहद खास बन गया है. कॉमेडी क्वीन का ये नया सफर एक बार फिर उन्हें स्क्रीन से थोड़े समय के लिए दूर कर सकता है, लेकिन फैंस को भरोसा है कि वो दोबारा उसी ऊर्जा के साथ लौटेंगी.
यह भी पढ़ें: फरहाना के बाद ये नेहल बनीं बिग-बॉस हाउस की नई कैप्टन...फिर शुरू होगा नया बवाल!