'2nd Baby Coming Soon', भारती सिंह ने फैंस को दी खुशखबरी; सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दी जानकारी

टीवी की चहेती कॉमेडियन और एंकर भारती सिंह से जुड़ी एक बेहद खुशखबरी सामने आई है. भारती और उनके पति हर्ष लिंबाचिया अपने दूसरे बच्चे के आने की तैयारी कर रहे हैं. दोनों ने यह खबर बेहद खूबसूरत अंदाज़ में सोशल मीडिया पर अपने फैंस के साथ साझा की, जिसके बाद से उन्हें बधाइयों का तांता लग गया है.

Bharti Singh baby bump pregnant again post on instagram
Image Source: Social Media

टीवी की चहेती कॉमेडियन और एंकर भारती सिंह से जुड़ी एक बेहद खुशखबरी सामने आई है. भारती और उनके पति हर्ष लिंबाचिया अपने दूसरे बच्चे के आने की तैयारी कर रहे हैं. दोनों ने यह खबर बेहद खूबसूरत अंदाज़ में सोशल मीडिया पर अपने फैंस के साथ साझा की, जिसके बाद से उन्हें बधाइयों का तांता लग गया है.

सोमवार की शाम भारती सिंह ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक प्यारी सी तस्वीर साझा की, जिसमें वह अपना बेबी बंप फ्लॉन्ट करती नज़र आईं. तस्वीर में उनके पीछे हर्ष मुस्कुराते खड़े थे और बैकग्राउंड में स्विट्जरलैंड की बर्फ से ढकी पहाड़ियां इस पल को और भी खास बना रही थीं.

भारती ने पोस्ट के कैप्शन में लिखा:

"We are pregnant again 😍🧿❤️🥳 #blessed #ganpatibappamorya🙏❤️ #thankyougod #babycomingsoon.” इस पोस्ट पर परिणीति चोपड़ा, दृष्टि धामी, ईशा गुप्ता, अभिषेक मल्हन, जन्नत जुबैर और अंजलि आनंद सहित टीवी और फिल्म जगत की कई हस्तियों ने कपल को शुभकामनाएं दीं.

2017 में हुई थी शादी, 2022 में जन्मा था पहला बेटा

भारती और हर्ष की मुलाकात कॉमेडी शोज़ के दौरान हुई थी, जो धीरे-धीरे दोस्ती से प्यार में बदली. दोनों ने साल 2017 में शादी की थी. अप्रैल 2022 में उनके पहले बेटे ‘लक्ष्य’ का जन्म हुआ, जिसे दोनों प्यार से ‘गोला’ बुलाते हैं. ये कपल अक्सर अपने बेटे की झलक सोशल मीडिया और यूट्यूब व्लॉग्स में दिखाता है. हाल ही में स्विट्जरलैंड ट्रिप पर उनके साथ गोला भी नज़र आया, जिसकी मासूमियत और शरारतों ने फैंस का दिल जीत लिया. एक मजेदार वाकये में भारती ने अपने व्लॉग में हर्ष से पूछा था, “तुम्हें और बच्चा चाहिए?” इस पर हर्ष ने मुस्कराते हुए कहा था, “मुझे पांच चाहिए!” अब लगता है कि उनकी ये बात मज़ाक से हकीकत बनती जा रही है.

कॉमेडी से लेकर होस्टिंग तक  भारती का सफर

भारती सिंह ने अपने करियर की शुरुआत ‘द ग्रेट इंडियन लाफ्टर चैलेंज’ से की थी. अपनी दमदार कॉमिक टाइमिंग और बेजोड़ हाजिरजवाबी से उन्होंने जल्दी ही टेलीविजन इंडस्ट्री में अपनी पहचान बना ली. वह 'द कपिल शर्मा शो' में नजर आ चुकी हैं और कई रियलिटी शोज़ को होस्ट भी कर चुकी हैं. हाल ही में वह ‘Laughter Chefs Season 2’ में होस्ट की भूमिका में दिखीं. भारती और हर्ष का अपना एक पॉडकास्ट शो भी है, जहां वे टेलीविजन इंडस्ट्री के सितारों से खुलकर बातचीत करते हैं.

फैंस के बीच खुशी की लहर

भारती और हर्ष की दूसरी प्रेग्नेंसी की खबर ने उनके फैंस के चेहरे पर मुस्कान ला दी है. सोशल मीडिया पर लोग उन्हें ढेरों शुभकामनाएं दे रहे हैं और अब सभी की निगाहें उनके आने वाले नन्हे मेहमान पर टिकी हैं.

यह भी पढ़ें: सलमान खान के घर आईं खुशियां, टाइगर बन गए चाचा; अरबाज खान की पत्नी शूरा खान ने दी बेटी को जन्म