Bhagalpur News: बिहार के भागलपुर में बाढ़ का पानी एक परिवार के लिए काल बन गया. बाईपास थाना क्षेत्र के कोयली खुटहा गांव में सड़क पर भरे गहरे पानी में डूबने से पांच लोगों की मौत हो गई. मृतकों में एक ही परिवार के चार सदस्य हैं, जिनमें एक महिला, उसकी दो बेटियां और एक बेटा शामिल है. हादसे के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है.
खेत की ओर जाते समय हुआ हादसा
गंगा का जलस्तर बढ़ने के कारण कोयली खुटहा गांव के आसपास बाढ़ का पानी जमा है. इसी दौरान परिवार के कुछ सदस्य खेत की ओर जा रहे थे. सड़क पर भरे पानी की गहराई का अंदाजा नहीं होने से एक व्यक्ति डूबने लगा. उसे बचाने की कोशिश में दूसरे लोग भी पानी में उतरते गए और एक-दूसरे को पकड़ते हुए गहरे पानी में डूब गए.
ग्रामीणों ने चलाया बचाव अभियान
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बचाव अभियान शुरू किया. पानी में डूबे लोगों को बाहर निकालकर मायागंज अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने पांचों को मृत घोषित कर दिया. हादसे में एक अन्य व्यक्ति के गंभीर रूप से घायल होने की भी जानकारी सामने आई है.
एक ही परिवार के चार लोगों की मौत
मृतकों की पहचान मंचो देवी, उनकी बेटियों सोनाक्षी कुमारी और अंशु प्रिया, बेटे प्रिंस कुमार और गांव के अभिषेक कुमार के रूप में हुई है. एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण और रिश्तेदार अस्पताल पहुंचे और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई.
पुलिस जांच में जुटी, सुरक्षा की मांग
हादसे की सूचना पर बाईपास थाना पुलिस मौके पर पहुंची. थानाध्यक्ष और पंचायत के मुखिया ने भी अस्पताल पहुंचकर जानकारी ली. पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है. वहीं, ग्रामीणों ने जलभराव वाले रास्तों पर चेतावनी बोर्ड लगाने और सुरक्षा के जरूरी इंतजाम करने की मांग की है, ताकि ऐसे हादसों को रोका जा सके.
ये भी पढ़ें: लालू परिवार को बड़ा झटका, IRCTC केस में 9 लोगों के खिलाफ तय किए आरोप, जानें पूरा मामला