Bha Bha Ba OTT Release: सिनेमाघरों में रिलीज के वक्त जिस फिल्म से दर्शकों को काफी उम्मीदें थीं, वही अब डिजिटल दर्शकों तक पहुंचने के लिए तैयार है. दिलीप स्टारर स्पूफ कॉमेडी फिल्म ‘भा भा बा’ बॉक्स ऑफिस पर भले ही बड़ा धमाका नहीं कर पाई, लेकिन अब ओटीटी पर इसकी दूसरी पारी शुरू होने जा रही है. थिएटर में फिल्म देखने से चूक गए दर्शकों के लिए यह एक अच्छी खबर है.
‘भा भा बा’ अब जल्द ही डिजिटल प्लेटफॉर्म पर स्ट्रीम होने वाली है. मेकर्स की ओर से आधिकारिक जानकारी दी गई है कि यह फिल्म 16 जनवरी से ओटीटी पर उपलब्ध होगी. दर्शक इसे ZEE5 पर रात 12 बजे से देख सकेंगे. खास बात यह है कि फिल्म अंग्रेजी सबटाइटल्स के साथ स्ट्रीम होगी. हालांकि, अभी यह साफ नहीं किया गया है कि फिल्म अन्य दक्षिण भारतीय भाषाओं में भी रिलीज होगी या नहीं.
थिएटर में कैसा रहा फिल्म का प्रदर्शन?
18 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज हुई ‘भा भा बा’ को दर्शकों की मिली-जुली प्रतिक्रिया मिली थी. कुछ लोगों को इसकी स्पूफ कॉमेडी और हल्का-फुल्का अंदाज पसंद आया, जबकि कई दर्शकों को इसकी कहानी खास प्रभावशाली नहीं लगी. फिल्म में मोहनलाल के छोटे से कैमियो ने जरूर सुर्खियां बटोरीं, लेकिन इसके बावजूद बॉक्स ऑफिस पर फिल्म टिक नहीं पाई.ट्रेड वेबसाइट सैकनिल्क के आंकड़ों के अनुसार, शुरुआती दिनों में ठीक-ठाक ओपनिंग के बाद फिल्म की कमाई में लगातार गिरावट देखने को मिली. रिलीज के 14वें दिन भारत में फिल्म ने सिर्फ 15 लाख रुपये का नेट कलेक्शन किया. पहले 13 दिनों में इसका कुल कलेक्शन करीब 22.95 करोड़ रुपये रहा, जबकि 14 दिनों में फिल्म की कुल कमाई लगभग 23.10 करोड़ रुपये तक पहुंच पाई.
स्टारकास्ट और फिल्म की खासियत
इस फिल्म में दिलीप लीड रोल में नजर आते हैं. उनके साथ सपोर्टिंग कास्ट में विनीत श्रीनिवासन, ध्यान श्रीनिवासन, रेडिन किंग्सले, सैंडी मास्टर, बालू वर्गीस, सिद्धार्थ भरथन, बैजू संतोष और सरन्या पोनवनन जैसे कलाकार शामिल हैं. ‘भा भा बा’ का निर्देशन नए निर्देशक धनंजय शंकर ने किया है.फिल्म की खास बात यह है कि यह एक मास स्पूफ कॉमेडी है, जिसमें पुरानी फिल्मों और लोकप्रिय किरदारों के कई मजेदार संदर्भ देखने को मिलते हैं. अब देखना होगा कि थिएटर में कमजोर प्रदर्शन के बाद ओटीटी पर यह फिल्म दर्शकों का कितना मनोरंजन कर पाती है.
यह भी पढ़ें: The Raja Saab: प्रभास की फिल्म ने रिलीज से पहले ही धुरंधर को छोड़ा पीछे, एडवांस बुकिंग से हुई इतनी कमाई