Fake SIM Card: भारत के दूरसंचार विभाग (DoT) ने मोबाइल यूज़र्स को एक गंभीर चेतावनी जारी की है. विभाग ने साफ कहा है कि अगर आपके नाम पर कोई SIM कार्ड साइबर फ्रॉड या किसी अवैध गतिविधि में इस्तेमाल हो रहा है, तो आपको इसके लिए कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है. यह तब भी लागू होगा जब आपने उस SIM का कभी इस्तेमाल न किया हो. इस चेतावनी के बाद अब यूज़र्स को अपनी SIM और फोन से जुड़ी सुरक्षा को लेकर सतर्क रहना जरूरी है.
फर्जी SIM और IMEI से जुड़ी गलतियां
DoT ने मोबाइल यूज़र्स को कुछ अहम बिंदुओं पर ध्यान दिलाया है, जिनसे जुड़ी गलतियां उन्हें जेल में डाल सकती हैं. इनमें सबसे बड़ी गलती है IMEI नंबर में छेड़छाड़. अगर आप ऐसे मोबाइल फोन का इस्तेमाल कर रहे हैं जिसका IMEI नंबर बदला गया है, तो आप कानून की नजर में अपराधी माने जा सकते हैं. इसके अलावा फर्जी दस्तावेजों से SIM लेना भी एक गंभीर अपराध है. अगर आपने किसी भी प्रकार के नकली पहचान पत्र या कागजात से SIM ली है, तो यह सीधे तौर पर कानूनी अपराध माना जाएगा.
साइबर क्राइम से बचने के लिए इन आदतों से रहें दूर
DoT ने विशेष रूप से चेतावनी दी है कि यूज़र्स अपनी SIM को किसी और को न दें. अक्सर साइबर अपराधी इसी तरीके का इस्तेमाल करके लोगों के नाम पर फर्जी SIM कार्ड चलाते हैं. यदि आपकी SIM किसी अन्य व्यक्ति को दी जाती है और उसका इस्तेमाल अपराध में किया जाता है, तो इसके लिए आपको भी जिम्मेदार ठहराया जा सकता है. इसलिए, किसी भी हालत में अपनी SIM को किसी अन्य व्यक्ति को न दें, चाहे वह आपका दोस्त हो या परिवार का सदस्य.
नया Telecommunications Act 2023
नए Telecommunications Act 2023 के तहत, SIM और IMEI से जुड़े अपराधों को और भी सख्त तरीके से देखा जाएगा. अगर आपकी SIM का इस्तेमाल किसी अपराध में किया जाता है, तो आपको 3 साल तक की सजा और 50 लाख रुपये तक का जुर्माना हो सकता है. यहां तक कि अगर आपने अपराध नहीं किया, फिर भी अगर आपकी SIM का दुरुपयोग होता है, तो आपको इसके लिए जिम्मेदार ठहराया जा सकता है.
कैसे करें अपनी सुरक्षा सुनिश्चित?
DoT ने सभी नागरिकों से Sanchar Saathi पोर्टल या ऐप का इस्तेमाल करने की अपील की है. यह ऐप आपको आपके नाम पर रजिस्टर्ड सभी SIM की जानकारी प्रदान करता है. इसके माध्यम से आप यह भी चेक कर सकते हैं कि आपके पास मौजूद मोबाइल डिवाइस का IMEI नंबर असली है या नहीं. इससे आप अपने नाम पर चल रही किसी भी संदिग्ध SIM को तुरंत ब्लॉक कर सकते हैं और अपनी डिजिटल सुरक्षा को मजबूत कर सकते हैं.
ये भी पढ़ें: WhatsApp का धांसू फीचर; अब बिना सुने पढ़ पाएंगे Voice Message, ये ट्रिक जानकर रह जाएंगे हैरान