Small Aquarium Fish: घर की खूबसूरती बढ़ाने के लिए आजकल लोग एक्वेरियम रखना पसंद करते हैं. पानी में रंग-बिरंगी मछलियों को तैरते देखना न सिर्फ अच्छा लगता है, बल्कि घर की सजावट में भी चार चांद लग जाते हैं. हालांकि, कई लोग मछलियां पालने का शौक तो रखते हैं, लेकिन बड़े एक्वेरियम और उनकी देखभाल की जिम्मेदारी से बचना चाहते हैं. ऐसे में छोटा फ्रेशवॉटर एक्वेरियम अच्छा विकल्प हो सकता है. अगर आप भी पहली बार घर में मछलियां पालने की सोच रहे हैं, तो कुछ ऐसी प्रजातियां हैं जिन्हें सही माहौल और देखभाल के साथ आसानी से रखा जा सकता है. आइए जानते हैं इनके बारे में.
1. बेट्टा फिश
बेट्टा मछली अपने आकर्षक रंगों और लंबे, खूबसूरत पंखों के लिए पहचानी जाती है. यह पहली बार मछली पालने वालों के लिए लोकप्रिय विकल्प है. हालांकि, इसे छोटे कटोरे या बिना फिल्टर वाले बर्तन में रखना सही नहीं है. बेट्टा के लिए कम से कम करीब 19 लीटर का एक्वेरियम होना चाहिए. इस मछली के टैंक में पानी साफ रखने के लिए फिल्टर और तापमान नियंत्रित करने के लिए हीटर लगाना जरूरी है. ध्यान रखें कि दो नर बेट्टा मछलियों को एक ही टैंक में न रखें, क्योंकि वे एक-दूसरे के प्रति आक्रामक हो सकती हैं.

2. गप्पी फिश
गप्पी मछलियां अपने चमकीले रंगों और खूबसूरत पूंछ के कारण काफी पसंद की जाती हैं. इनका स्वभाव आमतौर पर शांत होता है और ये दूसरी छोटी, शांत स्वभाव वाली मछलियों के साथ भी रह सकती हैं. इनके लिए कम से कम 38 लीटर का टैंक रखना बेहतर है. गप्पी मछलियों को फ्लेक्स और छोटे पेलेट्स वाला खाना दिया जा सकता है. एक्वेरियम में जलीय पौधे और छिपने की जगहें होने से इन्हें अच्छा वातावरण मिलता है. हालांकि, इन्हें पालने से पहले एक बात जरूर जान लें कि गप्पी तेजी से बच्चे देती हैं. ऐसे में कुछ ही समय में एक्वेरियम में इनकी संख्या काफी बढ़ सकती है.

3. नियॉन टेट्रा
अगर आप अपने एक्वेरियम को रंगीन और आकर्षक बनाना चाहते हैं, तो नियॉन टेट्रा अच्छा विकल्प हो सकती है. इस छोटी मछली के शरीर पर नीले और लाल रंग की चमकीली धारियां होती हैं, जो पानी में तैरते समय बेहद खूबसूरत दिखाई देती हैं. नियॉन टेट्रा झुंड में रहना पसंद करती हैं. इसलिए इन्हें अकेले रखने के बजाय कम से कम 5 से 6 मछलियों के समूह में रखना चाहिए. इनके लिए पौधों वाला एक्वेरियम बेहतर रहता है. खाने में इन्हें छोटे फ्लेक्स और पेलेट्स दिए जा सकते हैं.

4. प्लैटी फिश
प्लैटी मछलियां नारंगी, लाल, पीले और नीले जैसे कई आकर्षक रंगों में मिलती हैं. इनका स्वभाव शांत होता है और ये दूसरी शांत मछलियों के साथ भी रह सकती हैं. यही वजह है कि शुरुआती लोगों के लिए इन्हें पालना आसान माना जाता है. इनके लिए कम से कम 40 लीटर का एक्वेरियम रखना बेहतर है. टैंक में छोटे जलीय पौधे लगाने से इन्हें घूमने और छिपने की जगह मिलती है. इनके भोजन में फ्लेक्स और छोटे पेलेट्स शामिल किए जा सकते हैं.

5. व्हाइट क्लाउड माउंटेन मिनो
व्हाइट क्लाउड माउंटेन मिनो छोटी, चमकीली और शांत स्वभाव वाली मछली है. इसकी खासियत यह है कि इसे दूसरी कई मछलियों की तरह गर्म पानी की जरूरत नहीं होती. यह सामान्य ठंडे पानी में भी रह सकती है. इस मछली के लिए करीब 40 लीटर का एक्वेरियम और कम से कम 6 मछलियों का समूह रखना अच्छा रहता है. अगर आपके घर का तापमान स्थिर और इनके लिए अनुकूल है, तो अलग से हीटर लगाने की जरूरत नहीं पड़ सकती.

एक्वेरियम रखने से पहले इन बातों का रखें ध्यान
घर में छोटा एक्वेरियम रखने का मतलब यह नहीं है कि मछलियों को कम जगह में रखा जाए. हर मछली को उसके आकार, स्वभाव और जरूरत के हिसाब से पर्याप्त जगह मिलनी चाहिए. एक्वेरियम में सही फिल्टर लगाएं और समय-समय पर पानी की सफाई करें. मछलियों को जरूरत से ज्यादा खाना न दें, क्योंकि बचा हुआ भोजन पानी को गंदा कर सकता है.
इसके अलावा, अलग-अलग प्रजातियों की मछलियों को एक साथ रखने से पहले उनकी अनुकूलता, पानी के तापमान और रहने की जरूरतों की जानकारी जरूर लें. एक्वेरियम में नई मछलियां डालने से पहले पानी को जैविक रूप से तैयार करना भी जरूरी है. सही देखभाल और अनुकूल माहौल मिलने पर मछलियां स्वस्थ रहेंगी और आपका एक्वेरियम लंबे समय तक खूबसूरत बना रहेगा.
यह भी पढ़ें: रोजाना दाल-रोटी खाकर हो गए हैं बोर? लंच में बनाएं बिहारी स्टाइल कद्दू भात, स्वाद ऐसा कि उंगलियां चाटते रह जाएंगे