Bengal Election Results: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के नतीजों का इंतजार अब खत्म होने जा रहा है. सोमवार, 4 मई की सुबह 8 बजे से पूरे राज्य में मतगणना शुरू हो चुकी है. इस बार कुल 294 सीटों में से 293 सीटों के परिणाम आज घोषित किए जाएंगे, जबकि दक्षिण 24 परगना जिले की फाल्टा सीट पर पुनर्मतदान के चलते वहां की मतगणना बाद में होगी. उस सीट पर 21 मई को दोबारा मतदान कराया जाएगा और उसका परिणाम 24 मई को घोषित किया जाएगा.
इस बार चुनाव आयोग ने मतगणना प्रक्रिया को अधिक सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए केंद्रों की संख्या घटाकर 77 कर दी है. इससे पहले 2021 में 108 और 2016 में 90 केंद्र बनाए गए थे. हर केंद्र पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं. तीन स्तरों की सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है, जिसमें सबसे अंदर केवल केंद्रीय सशस्त्र बल तैनात हैं, जबकि दूसरे स्तर पर राज्य पुलिस और केंद्रीय बल मिलकर जिम्मेदारी संभाल रहे हैं. बाहरी सुरक्षा घेरा कोलकाता पुलिस और पश्चिम बंगाल पुलिस के पास है.
एंट्री के लिए सख्त नियम और मोबाइल पर प्रतिबंध
मतगणना केंद्रों में प्रवेश के लिए तीन स्तर की पहचान जांच अनिवार्य की गई है. पहले दो चरणों में पहचान पत्र की मैनुअल जांच होगी, जबकि तीसरे चरण में क्यूआर कोड के जरिए सत्यापन किया जाएगा. इसके अलावा मतगणना कक्ष के भीतर मोबाइल फोन ले जाने पर सख्त रोक लगाई गई है. केवल पर्यवेक्षक और रिटर्निंग अधिकारी को ही इसकी अनुमति दी गई है, ताकि पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और निष्पक्ष बनी रहे.
अतिरिक्त निगरानी और सुरक्षाबलों की तैनाती
मतगणना को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए 165 अतिरिक्त पर्यवेक्षकों को तैनात किया गया है. इसके साथ ही कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए 77 पुलिस पर्यवेक्षक भी नियुक्त किए गए हैं. 2021 के चुनावों के बाद हुई हिंसा को ध्यान में रखते हुए केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल की 700 कंपनियों को राज्य में तैनात रखा गया है.
नतीजों से पहले ही बढ़ा सियासी तापमान
मतगणना शुरू होने से पहले ही कई इलाकों में तनाव की स्थिति देखने को मिल रही है. भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र में काउंटिंग सेंटर के बाहर बीजेपी और तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हो गई. आरोप है कि बिना पहचान पत्र के लोगों की एंट्री को लेकर विवाद शुरू हुआ, जो बाद में बहस और हल्के हंगामे में बदल गया. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया, हालांकि इलाके में तनाव बना हुआ है.
भवानीपुर सीट पर खास नजर
भवानीपुर सीट इस बार खास चर्चा में है, क्योंकि यहीं से मुख्यमंत्री ममता बनर्जी चुनाव मैदान में हैं और उन्हें कड़ी चुनौती मिल रही है. इस सीट पर मतगणना से पहले ही माहौल गरम हो गया है, जिससे पूरे राज्य की राजनीति पर इसका असर पड़ सकता है.
#WATCH | Delhi: Poori and sweets being prepared at the BJP Headquarters in Delhi as counting of votes for the elections to the Assemblies of Assam, Keralam, Tamil Nadu, West Bengal and Puducherry will begin shortly.
— ANI (@ANI) May 4, 2026
Counting of votes for by-polls in seven Assembly… pic.twitter.com/UKdgMXc1rW
बीजेपी मुख्यालय में जश्न की तैयारी
दिल्ली स्थित बीजेपी मुख्यालय में भी नतीजों से पहले उत्साह का माहौल देखा जा रहा है. कार्यकर्ता जीत की उम्मीद में पहले से ही जश्न की तैयारियों में जुट गए हैं. यहां भोजन और मिठाइयों की व्यवस्था की जा रही है. पश्चिम बंगाल के अलावा असम, केरल, तमिलनाडु और पुडुचेरी के चुनाव परिणाम भी आज ही आने हैं, जिससे राजनीतिक हलचल और बढ़ गई है.
रिकॉर्ड मतदान और कड़ी टक्कर
इस बार पश्चिम बंगाल में रिकॉर्ड 92 प्रतिशत से ज्यादा मतदान हुआ है, जो चुनाव को और दिलचस्प बना रहा है. मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की पार्टी लगातार चौथी बार सत्ता में वापसी की कोशिश कर रही है, जबकि बीजेपी पहली बार राज्य में सरकार बनाने की उम्मीद कर रही है.
चुनाव में महिला सुरक्षा, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी और सरकारी योजनाएं जैसे मुद्दे प्रमुख रहे. तृणमूल कांग्रेस अपनी योजनाओं और जमीनी पकड़ पर भरोसा कर रही है, वहीं बीजेपी सरकार के खिलाफ नाराजगी को मुद्दा बना रही है.
एग्जिट पोल और राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार इस बार मुकाबला बेहद करीबी माना जा रहा है. कुछ सीटों पर मामूली वोटों का अंतर ही जीत-हार तय कर सकता है.
ये भी पढ़ें- Bengal Election Result: ममता बनर्जी की वापसी या पहली बार खिलेगा कमल? नतीजे से पहले समझें बड़े फैक्टर