उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के उद्घाटन से पहले उसके आसपास के क्षेत्र के सौंदर्यीकरण के लिए सख्त निर्देश दिए हैं. उनका कहना है कि यात्रियों को एक विश्वस्तरीय अनुभव प्रदान करने के लिए, एयरपोर्ट के आस-पास की सड़कों पर हरियाली, सुंदर लाइटिंग और सफाई की बेहतरीन व्यवस्था होनी चाहिए. इस योजना के तहत ग्रेटर नोएडा और यमुना प्राधिकरण ने क्षेत्र की सूरत संवारने के लिए युद्धस्तर पर काम करना शुरू कर दिया है.
नोएडा एयरपोर्ट: एक मॉडल बनेंगे सड़कों और गोलचक्कर
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि एयरपोर्ट से जुड़ने वाली प्रमुख सड़कों और गोलचक्करों का डिज़ाइन विशेष रूप से आकर्षक और अंतरराष्ट्रीय स्तर का होना चाहिए. इन चौराहों और गोलचक्करों पर रंग-बिरंगे फूलों, सजावटी पौधों, और आकर्षक लाइटिंग की व्यवस्था की जाएगी. एयरपोर्ट के विभिन्न थीमों पर आधारित मूर्तियां और सजावटी प्रतीक इन गोलचक्करों में लगाए जाएंगे, जो आने-जाने वाले यात्रियों को एक प्रीमियम अनुभव देंगे.
पौधारोपण और स्वच्छता की दिशा में तेज़ कदम
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के आसपास के इलाकों में पौधारोपण का काम जोर-शोर से शुरू हो चुका है. कंट्रोल टॉवर, पार्किंग एरिया और कार्गो जोन के आसपास हरियाली बढ़ाने के लिए विशेष ध्यान दिया जा रहा है. दोनों प्राधिकरणों की टीमों द्वारा सड़क किनारे पौधे लगाने, स्वच्छता अभियान चलाने और लैंडस्केपिंग पर लगातार काम किया जा रहा है, ताकि उद्घाटन से पहले पूरे क्षेत्र का रूप पूरी तरह से बदल सके.
विकसित हो रही जल निकासी और पेवमेंट प्रणाली
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर एयरपोर्ट के आसपास की जल निकासी व्यवस्था, सड़क के किनारे लगाए गए पेवमेंट और मार्गों की चौड़ाई पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है. यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि एयरपोर्ट से लेकर आसपास के गांवों और सड़कों तक, हर एक क्षेत्र पर्यावरण के अनुकूल और आकर्षक हो.
नोएडा एयरपोर्ट: मॉडल परियोजना के रूप में विकसित होगा
योगी आदित्यनाथ ने यह भी कहा कि नोएडा एयरपोर्ट का सौंदर्यीकरण न केवल यात्रियों के लिए आकर्षक बनाना चाहिए, बल्कि यह प्रदेश के अन्य हवाईअड्डों के लिए एक आदर्श परियोजना के रूप में विकसित हो. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि एयरपोर्ट से जुड़ी सभी प्रमुख सड़कें, गोलचक्कर, पार्किंग स्थल और सार्वजनिक क्षेत्र हरियाली से भरपूर और स्वच्छ बने रहें. मुख्यमंत्री ने स्थानीय प्रशासन और प्राधिकरणों को निर्धारित समय सीमा में सभी कार्यों को पूरा करने के लिए सख्त निर्देश दिए हैं ताकि यह क्षेत्र एक बेहतरीन और पर्यावरण-संवेदनशील मॉडल बन सके.
ये भी पढ़ें: यूपी की इन बेटियों को योगी सरकार की बड़ी सौगात, विवाह पर मिलेगी 85,000 रुपये तक की आर्थिक सहायता