Asia Cup 2025: भारत ने एशिया कप 2025 में शानदार जीत दर्ज कर सबका दिल जीत लिया, लेकिन जश्न अधूरा रह गया. कारण था, ट्रॉफी की गैर-मौजूदगी. मैच खत्म हुआ, खिलाड़ी जश्न में डूबे, लेकिन उस पल की प्रतीक्षा करते रह गए जब कप्तान को ट्रॉफी सौंपी जाती है. यही वह क्षण था जिसने एशियाई क्रिकेट परिषद (ACC) की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए. अब बीसीसीआई ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए ACC अध्यक्ष मोहसिन नक़वी पर कड़ा ऐतराज जताया है.
एशियाई क्रिकेट परिषद की हालिया बैठक में बीसीसीआई के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने ACC चेयरमैन और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड प्रमुख मोहसिन नक़वी से कड़े सवाल पूछे. शुक्ला ने साफ शब्दों में कहा, “विजेता टीम को ट्रॉफी क्यों नहीं दी गई? यह ACC की ट्रॉफी है, किसी व्यक्ति की निजी संपत्ति नहीं. इसे औपचारिक रूप से भारतीय टीम को सौंपा जाना चाहिए था.” राजीव शुक्ला ने बैठक के दौरान मांग की कि इस मामले की गंभीरता को समझते हुए तुरंत कार्रवाई की जाए और भविष्य में ऐसी घटनाओं को दोहराने से रोका जाए.
नक़वी की सफाई पर विवाद और गहराया
बैठक में जब मोहसिन नक़वी से इस मुद्दे पर जवाब मांगा गया तो उन्होंने अपनी स्थिति को हल्का बताते हुए कहा, “मैं तो वहां बिना वजह एक कार्टून की तरह खड़ा था. किसी ने लिखित में नहीं बताया कि भारतीय टीम ट्रॉफी मुझसे नहीं लेना चाहती.”
हालांकि भारतीय प्रतिनिधिमंडल उनके इस तर्क से संतुष्ट नहीं हुआ. जब नक़वी से दोबारा सवाल किए गए, तो उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर चर्चा किसी और मंच पर की जाएगी.
बिना ट्रॉफी के लौटी टीम इंडिया
एशिया कप फाइनल में जीत के बावजूद टीम इंडिया को ट्रॉफी नहीं दी गई, और खिलाड़ी हाथ में ट्रॉफी लिए बगैर ही वापस लौटे. ट्रॉफी की प्रतीक्षा करते भारतीय फैंस के लिए भी यह एक अजीब और अस्वाभाविक दृश्य था.
यह भी पढ़ें- अमेरिका में कल से छुट्टी पर भेजे जाएंगे 9 लाख कर्मचारी, जानें क्या है कारण?