टीवी का सबसे चर्चित और विवादित रियलिटी शो ‘बिग बॉस 19’ इस वक्त हर तरफ सुर्खियों में है. शो में रोज़ाना नए ड्रामे, टकराव और भावनाओं का संगम देखने को मिलता है. हाल ही में जब कंटेस्टेंट बसीर अली घर से बेघर हुए, तो यह न सिर्फ दर्शकों बल्कि बाकी प्रतिभागियों के लिए भी एक बड़ा झटका था. बाहर आने के बाद बसीर ने पहली बार खुलकर शो के माहौल और अपने अनुभवों पर बात की है.
एक मीडिया इंटरव्यू में बसीर अली ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि उन्हें इस सीज़न में हिस्सा लेने का अफसोस है. उन्होंने कहा, “हां, मुझे इस बार बिग बॉस में आने का पछतावा है. जब मुझसे कहा गया था कि लोकतंत्र है, सबके लिए समान मौका होगा तब लगा कि चलो कुछ नया देखने को मिलेगा, लेकिन अंदर जाकर सब कुछ अलग ही निकला. मैंने पहले ही हफ्ते कह दिया था कि इस बार कंटेस्टेंट्स की क्वालिटी सही नहीं है.”बसीर ने यह भी बताया कि जब वे शो से बाहर आए, तो उन्हें देखकर कई लोग इस बात से सहमत थे कि इस बार शो अपने असली लेवल तक नहीं पहुंच पाया.
किसे मानते हैं बसीर शो का विनर?
जब उनसे पूछा गया कि इस बार बिग बॉस 19 का विजेता कौन हो सकता है, तो बसीर ने कुछ नामों का ज़िक्र किया. उन्होंने कहा, “मुझे लगता है गौरव खन्ना जीत सकते हैं. उनके गेम में समझदारी और स्थिरता दोनों हैं. इसके अलावा फरहाना या तान्या के भी अच्छे चांस हैं. बाहर से देखने पर जो पब्लिक का फेवरेट दिखता है, वही आमतौर पर जीत की दिशा में जाता है. हालांकि उन्होंने अपने दोस्त अमाल के बारे में भी बात की लेकिन साफ शब्दों में कहा, “अमाल मुझे पर्सनली पसंद है, पर इस वक्त दर्शक उनके गेम को उतना पसंद नहीं कर रहे हैं. शायद उन्हें अपनी स्ट्रेटेजी पर काम करने की जरूरत है.”
बाकी कंटेस्टेंट्स पर भी की बेबाक टिप्पणी
बसीर अली ने बिग बॉस के अन्य सदस्यों पर भी अपनी राय रखी. उन्होंने कहा, “शहबाज मुझे ऐसा कंटेस्टेंट नहीं लगता जो जीत की रेस में है. वह बस शो में बना हुआ है, लेकिन खेल नहीं रहा. अभिषेक बजाज की बात करें तो उनका अब जो फेज चल रहा है, वह बहुत नेगेटिव दिखता है. शुरू में वे ठीक लगे थे, लेकिन अब उनका असली चेहरा सामने आ गया है. बाकी कई कंटेस्टेंट्स तो बस दिन काट रहे हैं, किसी में दम नहीं दिख रहा.”
“हर कोई बस कैमरे के लिए खेल रहा है”
बसीर ने शो की वास्तविकता पर सवाल उठाते हुए कहा कि बिग बॉस अब पहले जैसा असली नहीं रहा. उन्होंने कहा, “हर कोई अब कैमरे के लिए परफॉर्म कर रहा है. असली भावनाएं और सच्चाई कहीं पीछे छूट गई हैं. पहले जहां कंटेस्टेंट्स अपनी पर्सनैलिटी से पहचान बनाते थे, अब हर कोई एक स्क्रिप्टेड गेम खेलता नजर आता है.”
फैंस के बीच बसीर का इविक्शन बना चर्चा का विषय
बसीर अली के अचानक शो से बाहर होने के बाद सोशल मीडिया पर उनके फैंस ने निराशा जताई. कई यूज़र्स ने लिखा कि बसीर को जल्दी बाहर कर देना शो की सबसे बड़ी गलती थी. वहीं कुछ लोगों का मानना है कि बसीर के बिना शो का एंटरटेनमेंट लेवल काफी गिर गया है.
शो की गिरती क्वालिटी पर उठे सवाल
बसीर के बयान ने एक बार फिर बिग बॉस की पारदर्शिता पर बहस छेड़ दी है. कई दर्शकों का मानना है कि इस बार शो का फॉर्मेट और कास्टिंग दोनों कमजोर रहे हैं. हालांकि, अब देखना यह दिलचस्प होगा कि बसीर की भविष्यवाणी सच होती है या नहीं क्या गौरव खन्ना ही ट्रॉफी घर ले जाएंगे या कोई और करेगा सभी को चौंका?
यह भी पढ़ें: पेरेंट्स बने विक्की और कटरीना कैफ, बेटे को जन्म देने पर लोगों ने कहा- आ गया छावा