Bangladesh On West Bengal Exit Poll: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के एग्जिट पोल के नतीजों की गूंज अब भारत से बाहर भी सुनाई देने लगी है. पड़ोसी देश बांग्लादेश में इसको लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है. खासकर एग्जिट पोल में भारतीय जनता पार्टी (BJP) की संभावित जीत की खबरों ने वहां के नेताओं की चिंता बढ़ा दी है. यही वजह है कि यह मुद्दा अब बांग्लादेश की संसद तक पहुंच गया है.
बांग्लादेश की राष्ट्रीय संसद में रंगपुर से नेशनल सिटिजन पार्टी (NCP) के सांसद अख्तर हुसैन ने इस मुद्दे को उठाते हुए कहा कि पश्चिम बंगाल चुनाव के एग्जिट पोल के नतीजों ने उनके देश में बेचैनी बढ़ा दी है. उन्होंने कहा कि ज्यादातर एग्जिट पोल में बीजेपी की सरकार बनने का अनुमान लगाया गया है, जिससे बांग्लादेश में एक नए तरह की चिंता पैदा हो गई है.
🚨 Bangladesh MP Akhter Hossen is panicking over BJP’s likely win in West Bengal exit polls.
— The Alternate Media (@AlternateMediaX) April 30, 2026
He fears "Kanglus" from India will be pushed into Bangladesh, triggering another refugee crisis.
(He’s from the party that ousted Sheikh Hasina in 2024) pic.twitter.com/ol37H4OG6V
बांग्लादेशी सांसद ने जताई चिंता
अख्तर हुसैन ने आशंका जताई कि अगर पश्चिम बंगाल में बीजेपी की सरकार बनती है, तो बांग्लादेश को एक बड़े शरणार्थी संकट का सामना करना पड़ सकता है. उनका कहना है कि बड़ी संख्या में लोगों को बांग्लादेश की ओर धकेला जा सकता है, जिससे वहां की स्थिति पर दबाव बढ़ेगा. उन्होंने संसद में कहा कि यह सिर्फ एक राजनीतिक बदलाव नहीं होगा, बल्कि इसका असर दोनों देशों के संबंधों और सीमा पर रहने वाले लोगों पर भी पड़ सकता है.
4 मई को आएंगे असली नतीजे
हालांकि, अभी तक सिर्फ एग्जिट पोल के नतीजे ही सामने आए हैं. असली तस्वीर 4 मई को चुनाव परिणाम आने के बाद ही साफ होगी. इसके बावजूद, एग्जिट पोल ने पहले ही माहौल को गर्म कर दिया है. भारत के साथ-साथ बांग्लादेश में भी लोग इस चुनाव के नतीजों का इंतजार कर रहे हैं.
घुसपैठ का मुद्दा फिर चर्चा में
पश्चिम बंगाल के चुनावों में बांग्लादेशी घुसपैठ का मुद्दा कोई नया नहीं है. पिछले कई वर्षों से यह मुद्दा चुनावी राजनीति का अहम हिस्सा रहा है. बीजेपी लगातार यह आरोप लगाती रही है कि राज्य की ममता बनर्जी सरकार अवैध प्रवासियों को संरक्षण देती है और उन्हें वोट बैंक के तौर पर इस्तेमाल करती है.
दूसरी तरफ, सत्तारूढ़ दल इन आरोपों को खारिज करता रहा है. लेकिन हर चुनाव के दौरान यह मुद्दा फिर से चर्चा में आ जाता है और राजनीतिक बहस को तेज कर देता है.
विवादित शब्दों और बयानबाजी से बढ़ा तनाव
इस पूरे मामले में भाषा और बयानबाजी भी एक बड़ा कारण बन रही है. “कांगलू” जैसे शब्दों का इस्तेमाल बांग्लादेशी मूल के लोगों के लिए किया जाता है, जिसे अपमानजनक माना जाता है. ऐसे शब्दों के इस्तेमाल से दोनों देशों के बीच संवेदनशीलता और बढ़ जाती है.
हाल ही में हिमंत बिस्वा सरमा ने भी बांग्लादेशी प्रवासियों को लेकर बयान दिया था, जिस पर ढाका ने नाराजगी जताई थी. इससे साफ है कि यह मुद्दा सिर्फ एक राज्य का नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर तक असर डालने वाला बन चुका है.
सीमा की स्थिति भी बड़ी वजह
पश्चिम बंगाल और बांग्लादेश के बीच लंबी सीमा है, जो कई जगहों पर पूरी तरह से सुरक्षित नहीं मानी जाती. इसी वजह से अवैध तरीके से लोगों के आने-जाने की खबरें समय-समय पर सामने आती रहती हैं. यही कारण है कि यह मुद्दा सिर्फ राजनीतिक नहीं, बल्कि सुरक्षा और प्रशासन से भी जुड़ा हुआ है. सीमा से जुड़े इलाकों में रहने वाले लोगों के लिए यह रोजमर्रा की समस्या बन चुकी है. ऐसे में जब चुनाव होते हैं, तो यह मुद्दा और ज्यादा उभरकर सामने आता है.
ये भी पढ़ें- 7 साल के ईशांक सिंह का अद्भुत कारनामा, 9 घंटे 50 मिनट में तैरकर पार किया पाक स्ट्रेट, बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड