Shakib Al Hasan House Attacked: बांग्लादेश क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और मगुरा-1 सीट से पूर्व सांसद शाकिब अल हसन के पुश्तैनी घर पर पेट्रोल बम से हमला किया गया. यह घटना बुधवार रात करीब 8:45 बजे मगुरा शहर के केशबमोर इलाके में हुई. हमलावरों ने घर पर तोड़फोड़ भी की.
यह घटना उस दिन हुई, जब शाकिब अल हसन ने दिल्ली के फॉरेन कॉरेस्पोंडेंट्स क्लब में आयोजित एक कार्यक्रम में वर्चुअल माध्यम से हिस्सा लिया. इस कार्यक्रम में बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना ने भी ऑनलाइन संबोधन दिया.
फेसबुक पर भी शेयर किया था कार्यक्रम
शाकिब अल हसन ने शेख हसीना के इस कार्यक्रम को अपने फेसबुक अकाउंट पर भी शेयर किया था. इसके कुछ समय बाद उनके पुश्तैनी घर पर हमला होने की खबर सामने आई. हालांकि, इस घटना को लेकर अभी तक हमले की वजह या किसी संगठन की जिम्मेदारी की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
शेख हसीना ने वापसी का किया ऐलान
अपने वर्चुअल संबोधन में शेख हसीना ने कहा कि वह बांग्लादेश लौटेंगी. उन्होंने कहा कि उनकी वापसी सत्ता के लिए नहीं, बल्कि देश में विकास, शांति और लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करने के लिए होगी. उन्होंने कहा, "मुझे पता है कि मुझे जेल भी भेजा जा सकता है या मेरी जान को भी खतरा हो सकता है, लेकिन मैं अपने लोगों के बीच वापस जरूर जाऊंगी."
परिवार को याद कर हुईं भावुक
अपने भाषण के दौरान शेख हसीना भावुक भी हो गईं. उन्होंने बांग्लादेश के संस्थापक बंगबंधु शेख मुजीबुर रहमान, देश की आजादी के लिए शहीद हुए लोगों और अपने परिवार के उन सदस्यों को श्रद्धांजलि दी, जिनकी 15 अगस्त 1975 को हत्या कर दी गई थी. उन्होंने कहा कि देश के मौजूदा हालात पर बात करने से पहले वह उन सभी लोगों को सम्मानपूर्वक याद करना चाहती हैं, जिन्होंने बांग्लादेश के लिए अपना बलिदान दिया.
ये भी पढ़ें- सीजफायर के लिए गिड़गिड़ा रहा था पाकिस्तान... ऑपरेशन सिंदूर पर पूर्व CDS अनिल चौहान का बड़ा खुलासा