Balti Movie OTT: कई बार ऐसी फिल्में होती हैं जो सिनेमाघरों में दर्शकों को प्रभावित नहीं कर पातीं, लेकिन जब वही फिल्म ओटीटी प्लेटफॉर्म पर पहुंचती है तो उसकी किस्मत पूरी तरह बदल जाती है. मलयालम फिल्म 'बाल्टी' भी अब इसी सूची में शामिल हो गई है. करीब साढ़े नौ महीने तक डिजिटल रिलीज का इंतजार कराने के बाद आखिरकार यह फिल्म ओटीटी पर स्ट्रीम हो चुकी है और रिलीज होते ही दर्शकों का जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला है. दिलचस्प बात यह है कि थिएटर में उम्मीदों पर खरी नहीं उतरने वाली यह फिल्म अब ओटीटी पर नंबर-1 ट्रेंडिंग कंटेंट बन गई है.
लंबे इंतजार के बाद OTT पर हुई एंट्री
उन्नी शिवलिंगम के निर्देशन में बनी 'बाल्टी' 26 सितंबर 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी. फिल्म को मलयालम और तमिल भाषा में बड़े पर्दे पर उतारा गया था. आमतौर पर फिल्मों को थिएटर रिलीज के कुछ हफ्तों बाद ओटीटी पर रिलीज कर दिया जाता है, लेकिन 'बाल्टी' के मामले में ऐसा नहीं हुआ. लगभग साढ़े नौ महीने बाद अब 10 जुलाई को यह फिल्म सोनी लिव पर स्ट्रीम हुई है. रिलीज के पहले ही दिन फिल्म ने प्लेटफॉर्म पर शानदार शुरुआत करते हुए सबसे ज्यादा देखे जाने वाले कंटेंट की सूची में पहला स्थान हासिल कर लिया.
रिलीज होते ही बनी नंबर-1 ट्रेंडिंग फिल्म
सोनी लिव पर स्ट्रीमिंग शुरू होने के कुछ ही घंटों के भीतर 'बाल्टी' ने भारत की टॉप-10 ट्रेंडिंग लिस्ट में पहला स्थान हासिल कर लिया. खास बात यह रही कि इसने लोकप्रिय वेब सीरीज 'गुल्लक 5' को भी पीछे छोड़ दिया. यह उपलब्धि इस बात का संकेत है कि जिन दर्शकों ने किसी वजह से थिएटर में फिल्म नहीं देखी थी, वे अब ओटीटी पर इसे देखने में दिलचस्पी दिखा रहे हैं. डिजिटल प्लेटफॉर्म पर मिले इस शानदार रिस्पॉन्स ने फिल्म को नई पहचान दिला दी है.
पांच भाषाओं में रिलीज होने का मिला फायदा
ओटीटी रिलीज के साथ मेकर्स ने फिल्म को सिर्फ मलयालम तक सीमित नहीं रखा. 'बाल्टी' को मलयालम, तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और हिंदी समेत कुल पांच भाषाओं में उपलब्ध कराया गया है. मल्टी-लैंग्वेज रिलीज का फायदा फिल्म को मिलता दिखाई दे रहा है, क्योंकि अब अलग-अलग राज्यों के दर्शक अपनी पसंदीदा भाषा में इस फिल्म का आनंद ले सकते हैं. यही वजह है कि इसकी पहुंच पहले के मुकाबले काफी ज्यादा बढ़ गई है.
थिएटर में क्यों नहीं चला फिल्म का जादू?
'बाल्टी' से मेकर्स को अच्छी उम्मीदें थीं, लेकिन बॉक्स ऑफिस पर फिल्म उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर सकी. रिलीज के समय इसे समीक्षकों से भी मिले-जुले रिव्यू मिले थे. कहानी और प्रस्तुति की तारीफ तो हुई, लेकिन फिल्म दर्शकों को बड़ी संख्या में सिनेमाघरों तक खींचने में सफल नहीं रही. करीब 21 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म का बॉक्स ऑफिस प्रदर्शन निराशाजनक रहा. रिपोर्ट्स के मुताबिक फिल्म ने दुनियाभर में लगभग 9.82 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन किया, जो इसके बजट से काफी कम था.
सोनी लिव के टॉप- 10 ट्रेंडिंग कंटेंट (भारत)
चार दोस्तों की कहानी पर आधारित है फिल्म
'बाल्टी' की कहानी चार ऐसे दोस्तों के इर्द-गिर्द घूमती है जो कबड्डी के बेहतरीन खिलाड़ी होते हैं. उनकी जिंदगी सामान्य तरीके से आगे बढ़ रही होती है, लेकिन एक अप्रत्याशित घटना सब कुछ बदल देती है. परिस्थितियां उन्हें अपराध की दुनिया की ओर धकेल देती हैं और इसके बाद उनकी जिंदगी पूरी तरह बदल जाती है. फिल्म में एक्शन, क्राइम और कॉमेडी का संतुलित मिश्रण देखने को मिलता है, जो इसे अलग अनुभव देने की कोशिश करता है.
स्टार कास्ट ने निभाई अहम भूमिका
फिल्म में शेन निगम, शांतनु भाग्यराज, प्रीति असरानी, अल्फोंस पुथ्रेन, के. सेल्वराघवन और पूर्णिमा इंद्रजीत जैसे कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आते हैं. सभी कलाकारों ने अपने किरदारों को प्रभावी ढंग से निभाने की कोशिश की है, जिसकी वजह से फिल्म को ओटीटी दर्शकों से बेहतर प्रतिक्रिया मिल रही है.
ये भी पढ़ें: बॉक्स ऑफिस पर पहले ही दिन 'Dhamaal 4' का धमाका! 4 बजे तक कूट डाले इतने करोड़