BBL: बेइज्जती की डर से पाकिस्तान भागे बाबर आजम! बीच में छोड़ा बिग बैश लीग, बेहद खराब रहा प्रदर्शन

पाकिस्तान के स्टार बल्लेबाज बाबर आजम के लिए बिग बैश लीग (BBL) का 15वां सीजन यादगार नहीं, बल्कि निराशाजनक साबित हुआ है.

Babar Azam left BBL midway very poor performance Sydney Sixers
Image Source: Social Media

BBL: पाकिस्तान के स्टार बल्लेबाज बाबर आजम के लिए बिग बैश लीग (BBL) का 15वां सीजन यादगार नहीं, बल्कि निराशाजनक साबित हुआ है. जिस टूर्नामेंट में उनसे बड़े प्रदर्शन की उम्मीद थी, वहीं उनका बल्ला लगातार खामोश रहा. हालात ऐसे बने कि नॉकआउट मुकाबलों से ठीक पहले बाबर आजम सिडनी सिक्सर्स का साथ छोड़कर पाकिस्तान लौट गए. इस फैसले ने न सिर्फ फैंस को चौंकाया, बल्कि टीम को भी अहम मुकाबले से पहले बड़ा झटका दिया है.

सिडनी सिक्सर्स को अब होबार्ट हरिकेन्स के खिलाफ ‘चैलेंजर’ मुकाबला खेलना है. इस मैच की विजेता टीम फाइनल में पर्थ स्कॉर्चर्स से भिड़ेगी. ऐसे अहम मोड़ पर टीम अपने प्रमुख विदेशी बल्लेबाज के बिना मैदान में उतरेगी. बाबर आजम का इस तरह टूर्नामेंट के निर्णायक चरण से पहले जाना कई सवाल खड़े कर रहा है.

सिडनी सिक्सर्स ने दी आधिकारिक जानकारी

सिडनी सिक्सर्स ने सोशल मीडिया के जरिए बाबर आजम की रवानगी की पुष्टि की. टीम ने अपने बयान में कहा कि बाबर आजम को आगामी अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों के लिए पाकिस्तान के राष्ट्रीय कैंप में शामिल होने के निर्देश मिले हैं. इसी वजह से वह BBL के बाकी फाइनल्स मुकाबलों के लिए उपलब्ध नहीं रहेंगे.

हालांकि, इसे आधिकारिक तौर पर ‘नेशनल ड्यूटी’ का नाम दिया गया है, लेकिन बाबर के हालिया प्रदर्शन को देखते हुए इस फैसले को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं.

पूरे टूर्नामेंट में नहीं चला बाबर का बल्ला

BBL 15 में बाबर आजम का प्रदर्शन उम्मीदों के बिल्कुल उलट रहा. उन्होंने 11 पारियों में सिर्फ 202 रन बनाए. टी20 क्रिकेट के लिहाज से उनका स्ट्राइक रेट सबसे बड़ी चिंता बना रहा, जो केवल 103 रहा. आधुनिक टी20 क्रिकेट में जहां तेजी से रन बनाना जरूरी है, वहां बाबर की धीमी बल्लेबाजी टीम पर भारी पड़ी.

कई मौकों पर वह पावरप्ले का फायदा उठाने में नाकाम रहे और विपक्षी गेंदबाजों को दबाव में नहीं ला सके. यही वजह रही कि उनकी मौजूदगी के बावजूद सिडनी सिक्सर्स का टॉप ऑर्डर उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाया.

ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज मार्क वॉ ने की आलोचना

बाबर आजम के लगातार खराब प्रदर्शन को लेकर ऑस्ट्रेलिया के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज मार्क वॉ ने भी खुलकर नाराजगी जताई थी. एक ब्रॉडकास्ट के दौरान उन्होंने कहा था कि अब टीम को सख्त फैसले लेने की जरूरत है. मार्क वॉ के मुताबिक, सिडनी सिक्सर्स पूरी तरह से स्टीव स्मिथ पर निर्भर होती जा रही है और बाबर आजम टॉप ऑर्डर में वह योगदान नहीं दे पाए हैं, जिसकी उनसे उम्मीद थी.

मार्क वॉ ने यह भी कहा कि बाबर भले ही वर्ल्ड क्लास खिलाड़ी हों, लेकिन इस टूर्नामेंट को जीतने के लिए जो आक्रामकता और प्रभाव चाहिए, वह उनमें नजर नहीं आया.

स्टीव स्मिथ से तुलना में और उभरी कमी

बाबर आजम के संघर्ष की तस्वीर तब और साफ हो जाती है, जब उनकी तुलना उनके जोड़ीदार स्टीव स्मिथ से की जाए. स्मिथ ने सिर्फ 4 मैचों में ही 220 रन बना दिए, जबकि बाबर 11 पारियों में भी 202 रन तक ही पहुंच सके. दोनों के बीच तालमेल की कमी भी कई मैचों में साफ दिखाई दी.

एक मुकाबले में तो मैदान पर उस वक्त माहौल गर्म हो गया, जब स्टीव स्मिथ ने बाबर को स्ट्राइक देने के बजाय सिंगल लेने से इनकार कर दिया. इस घटना के बाद बाबर आजम को मैदान पर ही नाराजगी जाहिर करते देखा गया, जो उनके मानसिक दबाव को भी दर्शाता है.

ये भी पढ़ें- तेल पर प्रतिबंध के बाद भारत को सोना बेचने लगा रूस, बना दिया नया रिकॉर्ड, ट्रंप हो जाएंगे परेशान!