पंजाबी सिंगर बी प्राक को जान से मारने की धमकी, 10 करोड़ की फिरौती मांगने का आरोप

मशहूर गायक बी प्राक को लेकर एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन्हें कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ी ओर से भारी भरकम फिरौती की धमकी दी गई है.

B- Praak Receives Death Threat from lawrence gang
Image Source: Social Media

मशहूर गायक बी प्राक को लेकर एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन्हें कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ी ओर से भारी भरकम फिरौती की धमकी दी गई है. यह धमकी सीधे बी प्राक को नहीं, बल्कि पंजाबी सिंगर दिलनूर के जरिए दी गई, जिसके बाद पूरे मामले ने गंभीर रूप ले लिया है. पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है.


दिलनूर की शिकायत के अनुसार, 5 जनवरी को उन्हें विदेश के नंबर से दो बार कॉल आया, जिसे उन्होंने रिसीव नहीं किया. इसके अगले दिन यानी 6 जनवरी को फिर से विदेशी नंबर से कॉल किया गया. इस बार दिलनूर ने कॉल उठाया, लेकिन बातचीत संदिग्ध लगने पर उन्होंने फोन काट दिया. इसके कुछ ही देर बाद दिलनूर को एक वॉयस मैसेज भेजा गया, जिसमें खुले तौर पर फिरौती की मांग और धमकी दी गई थी. इस ऑडियो के मिलने के बाद दिलनूर ने उसी दिन मोहाली में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) के पास लिखित शिकायत दर्ज कराई.

कॉलर ने खुद को बताया गैंग से जुड़ा

धमकी भरे वॉयस मैसेज में कॉलर ने अपना नाम आरजू बिश्नोई बताया. उसने दावा किया कि वह लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा हुआ है और विदेश में बैठकर यह कॉल कर रहा है. ऑडियो में कॉलर ने कहा कि बी प्राक से 10 करोड़ रुपये चाहिए और इसके लिए एक हफ्ते का समय दिया जा रहा है. साथ ही चेतावनी दी गई कि अगर आसपास के किसी व्यक्ति से संपर्क किया गया या इसे फर्जी कॉल समझा गया, तो गंभीर अंजाम भुगतने पड़ सकते हैं.

पुलिस जांच में जुटी

वॉयस मैसेज सामने आने के बाद से ही पंजाब पुलिस मामले की जांच में जुट गई है. शुरुआती स्तर पर कॉल डिटेल्स, वॉयस रिकॉर्डिंग और विदेशी नंबर की लोकेशन को ट्रेस किया जा रहा है. फिलहाल पुलिस की ओर से आधिकारिक रूप से ज्यादा जानकारी साझा नहीं की गई है, लेकिन मामले को गंभीर मानते हुए जांच तेज कर दी गई है.

कौन हैं बी प्राक

बी प्राक, जिनका असली नाम प्रतीक बच्चन है, भारतीय संगीत जगत का बड़ा नाम हैं. वह अपनी भावनात्मक और गहरी आवाज के लिए जाने जाते हैं. करियर की शुरुआत उन्होंने म्यूजिक प्रोड्यूसर के तौर पर की थी, लेकिन ‘मन भरया’ गाने से उन्हें बतौर सिंगर जबरदस्त पहचान मिली. इसके बाद उन्होंने बॉलीवुड में ‘तेरी मिट्टी’, ‘फिलहाल’, ‘फिलहाल 2 मोहब्बत’, ‘रांझा’ जैसे सुपरहिट गानों से अपनी खास जगह बना ली. ‘केसरी’, ‘गुड न्यूज़’ और ‘शेरशाह’ जैसी फिल्मों में उनके गानों को भी दर्शकों का भरपूर प्यार मिला है.

सुरक्षा को लेकर बढ़ी चिंता

इस धमकी के बाद न सिर्फ बी प्राक बल्कि पूरे पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है. हाल के वर्षों में कलाकारों को मिल रही धमकियों ने पुलिस और प्रशासन के सामने भी बड़ी चुनौती खड़ी कर दी है.

यह भी पढ़ें: क्या सच में धनुष और मृणाल ठाकुर की हो रही शादी? हो गया खुलासा; जानें क्या है सच