हैदराबाद/अयोध्या, भारत 24 डिजिटल डेस्क: श्रीरामजन्मभूमि पर बन रहे भव्य राममंदिर में रामलला की प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा 22 जनवरी को होनी है. इस समय अयोध्या (Ayodhya Ram Mandir) ही नहीं पूरे देश में इसे लेकर जोर शोर से तैयारियां चल रही है. इस बीच हैदराबाद का एक रामभक्त अयोध्या के लिए पैदल यात्रा पर निकल पड़ा है. पिछले 5 महीनों से 64 साल के चल्ला श्रीनिवास शास्त्री (Srinivas Shastri) आठ हजार किलोमीटर की पैदल यात्रा कर रहे हैं. अपने सिर पर लाखों की चरण पादुकाएं (Ramlala Charan Paduka) रखकर श्रीनिवास ये यात्रा कर रहे हैं.
क्या है चरण पादुकाओं की कीमत?
श्रीनिवास शास्त्री ने बताया कि वह इस यात्रा को रास्ते में सभी शिवलिंगों के दर्शन करते हुए करना चाहते थे और 20 जुलाई को उन्होंने अपनी ये यात्रा शुरू की थी. शास्त्री पहले ही ओडिशा में पुरी, महाराष्ट्र में त्र्यंबकेश्वर और गुजरात में द्वारका जैसे कई स्थानों के दर्शन कर चुके हैं. उन्होंने बताया कि वह अयोध्या पहुंचकर ये चरण पादुकाएं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को सौंप देंगे. बता दें कि इन चरण पादुकाओं पर सोने की परत चढ़ी हुई है. इसकी कीमत करीब 64 लाख रुपये बताई जा रही है. बता दें कि हैदराबाद के संगठन अयोध्या भाग्यनगर सीता राम फाउंडेशन ने भी भगवान श्री राम को 1.03 करोड़ रुपये की श्री राम चरण पादुकाएं भेंट कीं.
पिता की इच्छा को पूरा करने का निर्णय
श्रीनिवास शास्त्री के पिता की इच्छा थी कि वह अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण देखें. उनके पिता ने अयोध्या में कारसेवा में भाग लिया था. इसलिए वह अब अपने पिता की इच्छा पूरी करना चाहते हैं. शास्त्री ने बताया कि साल 2019 में जब सुप्रीम कोर्ट ने राम मंदिर के पक्ष में फैसला सुनाया था तो उनके बाद उन्होंने योगदान के तहत अब तक चांदी की पांच ईंट दान की हैं. बता दें कि शास्त्री अयोध्या भाग्यनगर सीताराम फाउंडेशन के संस्थापक भी हैं. वहअयोध्या में स्थायी रूप से बसने की योजना बना रहे हैं और उन्होंने अयोध्या में घर बनाने का फैसला किया है.