अयोध्या, भारत 24 डिजिटल डेस्क: अयोध्या राम मंदिर (Ayodhya Ram Mandir) में भगवान राम की प्रतीमा की प्राण प्रतिष्ठा होने वाली है. रामलला के कार्यक्रम के लिए सिर्फ अयोध्या ही नहीं पूरे देश में जोर शोर से तैयारियां चल रही है. वहीं, राम मंदिर में स्वर्ण जड़ित दरवाजे (Ram Mandir Golden Door) लगने का काम भी पूरा भी हो गया है. राम मंदिर परिसर में कुल 44 दरवाजे लगाए जा रहे हैं. जिनमें से 14 दरवाजे स्वर्ण जड़ित लगाए गए हैं. बाकि के 30 दरवाजों को भी लगाने का काम तेजी से किया जा रहा है.
क्या है स्वर्ण जड़ित दरवाजों की कीमत
राम मंदिर के गर्भगृह के स्वर्ण दरवाजे की तस्वीरें सामने आई है. सामने आई तस्वीरों में मंदिर परिसर के अंदर रौशनी दिखाई दे रही है. इससे मंदिर का नजारा बेहद शानदार नजर आ रहा है. इस दरवाजे की कीमत करोड़ों रुपए बताई जा रही है. गर्भगृह में सिर्फ 1 दरवाजा होगा, जिसमें सोने की परत वाले नक्काशीदार लगाया गया है. इसके चौखट के ऊपर भगवान विष्णु की शयन मुद्रा में चित्र को उकेरा गया है.
सोने के दरवाजों पर हिंदू धर्म के प्रतीक चिन्ह
राम मंदिर के सोने के दरवाजों पर हिंदू धर्म के प्रतीक चिन्ह बनाए गए हैं. इसमें विष्णु कमल, वैभव प्रतीक गज यानी हाथी और प्रणाम स्वागत मुद्रा में देवी का चित्र अंकित है. हैदराबाद की कंपनी अनुराधा टिंबर ने इन दरवाजों को सागौन की लकड़ी से तैयार किया है. वहीं दिल्ली और गाजियाबाद के स्वर्णकारों ने इस लकड़ी के दरवाजों पर सोने की परत चढ़ाने का काम किया है.