Iran Israel War: मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव के बीच ईरान ने इजरायल के खिलाफ चल रहे अपने सैन्य अभियानों को रोकने की घोषणा की है. यह फैसला ऐसे समय में आया है जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दोनों देशों से तत्काल सैन्य कार्रवाई बंद करने और संघर्ष विराम बनाए रखने की अपील की थी.
ईरानी समाचार एजेंसी फार्स के अनुसार, ईरान के सशस्त्र बलों ने कहा है कि इजरायल के खिलाफ शुरू किया गया सैन्य अभियान फिलहाल समाप्त किया जा रहा है. हालांकि, साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया कि यदि इजरायल ने लेबनान, विशेषकर दक्षिणी लेबनान में दोबारा हमले शुरू किए, तो ईरान पहले से अधिक सख्त प्रतिक्रिया देगा.
"जवाब दे दिया गया है"
खतम ओल-अनबिया सेंट्रल हेडक्वार्टर की ओर से जारी बयान में कहा गया कि बेरूत के दक्षिणी इलाकों पर हुए हमलों के जवाब में ईरान ने अपनी कार्रवाई की. अब सैन्य अभियान रोका जा रहा है, लेकिन भविष्य में किसी भी नई आक्रामक कार्रवाई का कड़ा जवाब दिया जाएगा.
ट्रंप ने दोनों पक्षों से की थी शांति की अपील
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हाल ही में कहा था कि इजरायल और ईरान को तत्काल सैन्य कार्रवाई रोकनी चाहिए. उन्होंने दावा किया था कि दोनों पक्ष संघर्ष विराम बनाए रखने और तनाव कम करने की दिशा में आगे बढ़ना चाहते हैं.
हालांकि ट्रंप की अपील के बावजूद इजरायल की ओर से कुछ सैन्य कार्रवाइयों की खबरें सामने आईं. इसके बाद ईरान ने स्पष्ट किया कि वह फिलहाल अपने हमलों को रोक रहा है, लेकिन स्थिति पर लगातार नजर रखेगा.
लेबनान को लेकर बढ़ा विवाद
ईरान का कहना है कि उसकी सैन्य प्रतिक्रिया लेबनान पर इजरायली हमलों के विरोध में थी. इस बीच लेबनान के प्रधानमंत्री नवाफ सलाम ने दावा किया है कि संघर्ष विराम लागू होने के बाद भी इजरायल ने लेबनान में हजारों बार हवाई हमले और नियंत्रित विस्फोट किए हैं.
लेबनानी अधिकारियों के अनुसार, मार्च में संघर्ष शुरू होने के बाद से इजरायली सैन्य कार्रवाई में हजारों लोगों की जान जा चुकी है. वहीं क्षेत्र में लगातार बढ़ते तनाव को देखते हुए अंतरराष्ट्रीय समुदाय दोनों पक्षों से संयम बरतने की अपील कर रहा है.
ये भी पढ़ें- अभी हमला रोको... ईरान-इजरायल युद्ध के बीच ट्रंप का आया तीखा बयान, दोनों देशों को दी चेतावनी