Assembly Election 2026: असम, केरल और पुडुचेरी में आज सुबह 7 बजे से मतदान शुरू हो चुका है. तीनों राज्यों में मतदाता अपने-अपने पोलिंग बूथों पर पहुंचकर इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) के जरिए वोट डाल रहे हैं. चुनाव प्रचार के लंबे दौर के बाद अब अंतिम फैसला जनता के हाथ में है कि सत्ता किसे सौंपी जाएगी. मतदान को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष बनाए रखने के लिए चुनाव आयोग ने सभी बूथों पर कड़े सुरक्षा प्रबंध किए हैं. इस बार बड़ी संख्या में युवा मतदाता पहली बार अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर रहे हैं, जिससे चुनावी परिणामों पर खासा असर पड़ सकता है.
296 सीटों पर एक साथ मतदान
असम, केरल और पुडुचेरी में एक साथ चुनाव होना राजनीतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है. कुल 296 सीटों के लिए मतदान हो रहा है, जिसमें असम की 126, केरल की 140 और पुडुचेरी की 30 सीटें शामिल हैं. सभी प्रमुख राजनीतिक दलों के लिए यह चुनाव प्रतिष्ठा की लड़ाई बना हुआ है. अब नजरें इस बात पर टिकी हैं कि जनता किसे सत्ता का जनादेश देती है.
इस बार 1900 उम्मीदवार मैदान में
चुनावी प्रक्रिया के दौरान तीनों राज्यों में बड़ी संख्या में उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किए. असम में 1,388, केरल में 2,117 और पुडुचेरी में 514 नामांकन भरे गए, जिससे कुल संख्या 4,019 तक पहुंची. जांच और नाम वापसी की प्रक्रिया के बाद यह आंकड़ा घटकर करीब 1,900 उम्मीदवारों पर आ गया. इससे साफ है कि चुनावी मैदान में मुकाबला बेहद कड़ा और बहुकोणीय है.