Assam CM Oath: असम में आज नई सरकार का औपचारिक गठन होने जा रहा है. बीजेपी के वरिष्ठ नेता हिमंता बिस्वा सरमा लगातार दूसरी बार राज्य के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे. गुवाहाटी के वेटनरी कॉलेज ग्राउंड में आयोजित होने वाले इस भव्य समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सहित कई केंद्रीय मंत्री और विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री शामिल होंगे. शपथ ग्रहण समारोह सुबह 11:40 बजे शुरू होगा.
हिमंता बिस्वा सरमा के नेतृत्व में एनडीए ने राज्य में लगातार तीसरी बार सत्ता हासिल की है. ऐसे में यह शपथ ग्रहण समारोह राजनीतिक रूप से बेहद अहम माना जा रहा है.
चार विधायक मंत्री पद की लेंगे शपथ
मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के साथ हिमंता बिस्वा सरमा के साथ चार अन्य विधायक भी मंत्री पद की शपथ लेंगे. इनमें रामेश्वर तेली, अतुल बोरा, चरण बोरो और अजंता नियोग शामिल हैं.
हिमंता बिस्वा सरमा ने इस संबंध में जानकारी देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में उनके सहयोगी मंत्री पद की जिम्मेदारी संभालेंगे. उन्होंने कहा कि नई सरकार राज्य के विकास और जनता के कल्याण के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम करेगी.
कौन हैं शपथ लेने वाले नेता?
अतुल बोरा असम गण परिषद (AGP) के अध्यक्ष हैं और पहले भी राज्य सरकार में मंत्री रह चुके हैं. चरण बोरो बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट (BPF) से विधायक हैं और उन्हें भी प्रशासनिक अनुभव हासिल है. अजंता नियोग पिछली सरकार में मंत्री के रूप में काम कर चुकी हैं.
वहीं रामेश्वर तेली पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री रह चुके हैं. उन्होंने 2026 विधानसभा चुनाव में फिर से राज्य की राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाई और अब उन्हें नई सरकार में अहम जिम्मेदारी दी जा रही है.
विधानसभा अध्यक्ष पद के लिए रंजीत दास का नाम
हिमंता बिस्वा सरमा ने यह भी घोषणा की कि विधायक रंजीत दास को असम विधानसभा अध्यक्ष पद के लिए एनडीए का उम्मीदवार बनाया जाएगा. उन्होंने कहा कि नई सरकार का लक्ष्य राज्य को और अधिक मजबूत, विकसित और समृद्ध बनाना है.
पीएम मोदी पहुंचे गुवाहाटी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार रात गुवाहाटी पहुंचे. एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री पद के लिए नामित हिमंता बिस्वा सरमा और बीजेपी नेताओं ने उनका स्वागत किया.
गुवाहाटी के लोकप्रिय गोपीनाथ बोरदोलोई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पीएम मोदी के स्वागत के दौरान बीजेपी कार्यकर्ताओं में काफी उत्साह देखा गया. प्रधानमंत्री आज शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होकर नई सरकार को शुभकामनाएं देंगे.
हिमंता ने पीएम मोदी का किया स्वागत
हिमंता बिस्वा सरमा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत करते हुए लिखा कि असम में उनका आगमन राज्य के लिए ऐतिहासिक अवसर है. उन्होंने कहा कि बीजेपी-एनडीए सरकार लगातार तीसरी बार राज्य की सेवा करने जा रही है और पार्टी को प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन और समर्थन की उम्मीद है.
समारोह में शामिल होंगी कई बड़ी हस्तियां
शपथ ग्रहण समारोह में देशभर से कई बड़े राजनीतिक नेता और गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहेंगे. कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्रियों के अलावा एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री भी शामिल होंगे.
इसके अलावा उद्योग जगत की कई प्रमुख हस्तियां, वैष्णव मठों के सत्राधिकार, बीजेपी कार्यकर्ता और बूथ स्तर के पदाधिकारी भी समारोह का हिस्सा बनेंगे.
समारोह में शामिल होने वाले प्रमुख नेता
कार्यक्रम में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल, शिवराज सिंह चौहान, ललन सिंह, ज्योतिरादित्य सिंधिया और चिराग पासवान मौजूद रहेंगे.
इसके अलावा दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत, राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा, बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव भी समारोह में शामिल होंगे.
लगातार तीसरी बार सत्ता में NDA
असम में बीजेपी नेतृत्व वाले एनडीए गठबंधन की यह लगातार तीसरी सरकार होगी. राजनीतिक जानकारों का मानना है कि हिमंता बिस्वा सरमा के नेतृत्व में बीजेपी ने राज्य में संगठन और विकास दोनों स्तरों पर अपनी पकड़ मजबूत की है. ऐसे में नई सरकार से लोगों की उम्मीदें भी काफी बढ़ गई हैं.
ये भी पढ़ें- बंगाल की महिलाओं को शुभेंदु सरकार का बड़ा तोहफा, 1 जून से खाते में आएंगे ₹3000, बस यात्रा भी फ्री