हॉकी सेमीफाइनल में पाकिस्तान को भारत ने दी शिकस्त, आखिरी मिनट में ऐसे पलटी बाजी

Hockey Asian Games 2026: गुरुवार को एशियन गेम्स 2026 के पुरुष हॉकी सेमीफाइनल में भारत ने पाकिस्तान को 4-3 से हरा दिया. मुकाबला आखिरी मिनट तक बेहद रोमांचक रहा. 59 मिनट तक दोनों टीमें 3-3 की बराबरी पर थीं, लेकिन 60वें मिनट में अभिषेक ने गोल कर भारत को बढ़त दिला दी.

Asian Games India defeats Pakistan in the final minute secures a spot in the hockey final
Image Source: Social Media

Hockey Asian Games 2026: गुरुवार को एशियन गेम्स 2026 के पुरुष हॉकी सेमीफाइनल में भारत ने पाकिस्तान को 4-3 से हरा दिया. मुकाबला आखिरी मिनट तक बेहद रोमांचक रहा. 59 मिनट तक दोनों टीमें 3-3 की बराबरी पर थीं, लेकिन 60वें मिनट में अभिषेक ने गोल कर भारत को बढ़त दिला दी. इसके बाद पाकिस्तान वापसी नहीं कर सका और भारत ने फाइनल में जगह बना ली.

भारत ने शुरुआत में बनाई मजबूत बढ़त

भारत ने मैच की शुरुआत शानदार तरीके से की. पहले क्वार्टर में ही टीम ने 2-0 की बढ़त हासिल कर ली. कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने 5वें मिनट में पहला गोल किया. इसके बाद 13वें मिनट में उन्होंने एक और गोल दागकर भारत की बढ़त दोगुनी कर दी.

दूसरे क्वार्टर में पाकिस्तान ने वापसी की कोशिश की, लेकिन भारत ने भी एक गोल कर दिया. 23वें मिनट में सुखजीत सिंह ने भारत के लिए गोल किया. वहीं पाकिस्तान की ओर से अबू मोहम्मद ने 30वें मिनट में गोल किया. हाफ टाइम तक भारत 3-1 से आगे था.

तीसरे क्वार्टर में पाकिस्तान ने बढ़ाया दबाव

तीसरे क्वार्टर में पाकिस्तान ने जोरदार वापसी की. इस दौरान भारत गोल नहीं कर सका, जबकि पाकिस्तान ने एक गोल कर अंतर कम कर दिया. तीन क्वार्टर के बाद भारत के पास 3-2 की बढ़त थी.

चौथे क्वार्टर में मुकाबला और भी रोमांचक हो गया. 49वें मिनट में वहीद राणा ने पाकिस्तान के लिए गोल कर स्कोर 3-3 कर दिया. इसके बाद दोनों टीमों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला. ऐसा लग रहा था कि मैच का फैसला पेनल्टी शूटआउट से होगा.

आखिरी मिनट में अभिषेक ने किया कमाल

मैच के आखिरी मिनट में भारत को वह गोल मिल गया, जिसका इंतजार था. 60वें मिनट में अभिषेक ने गोल कर भारत को 4-3 की बढ़त दिला दी. इसके बाद पाकिस्तान के पास बराबरी करने का समय नहीं बचा और भारत ने रोमांचक जीत के साथ फाइनल में जगह बना ली.

अब भारत गोल्ड मेडल के लिए खेलेगा. दूसरे सेमीफाइनल में मलेशिया और दक्षिण कोरिया की टीमें आमने-सामने हैं. इस मुकाबले की विजेता टीम फाइनल में भारत से भिड़ेगी.

ये भी पढ़ें- Asian Games 2026: श्रीलंका को 124 रन से धोया, फाइनल में पहुंचा भारत, अब पाकिस्तान से गोल्ड के लिए होगी भिड़ंत