एशिया कप सुपर-4 के मुकाबले में भारत और बांग्लादेश जब आमने-सामने होंगे, तो एक रोमांचक भिड़ंत देखने को मिलेगी. लेकिन उससे पहले ही मुकाबले का तापमान बढ़ा दिया है बांग्लादेश के मुख्य कोच फिल सिमंस ने.
उनके शब्दों ने क्रिकेट फैंस के बीच हलचल मचा दी है. उन्होंने न सिर्फ भारत को हराना आसान बताया, बल्कि ये भी कहा कि हर टीम में भारत को हराने की क्षमता है. अब ये बयान आत्मविश्वास से लबरेज़ रणनीति का हिस्सा है या दबाव बनाने की कोशिश ये तो वक्त बताएगा. मगर इतना तय है कि मुकाबले से पहले ही मानसिक खेल शुरू हो चुका है.
भारत को हराना बाएं हाथ का खेल- फिल सिमंस
बांग्लादेश के कोच फिल सिमंस ने भारत के खिलाफ होने वाले अहम मैच से पहले जो बयान दिया है, वह किसी भी भारतीय फैन के लिए चौंकाने वाला हो सकता है. उन्होंने कहा, “भारत टूर्नामेंट की पसंदीदा टीम है, लेकिन हर टीम में उन्हें हराने की क्षमता है. हम उनके प्रदर्शन की बजाय सिर्फ मैच के उन साढ़े तीन घंटों पर ध्यान दे रहे हैं. हम भारत की कमजोरियां ढूंढेंगे और उसी से जीत का रास्ता बनाएंगे.”
ये बयान एक ऐसी टीम के कोच का है, जिसने अब तक भारत के खिलाफ T20 में सिर्फ एक जीत हासिल की है, जबकि भारत ने 16 बार बाज़ी मारी है. बावजूद इसके, सिमंस की टीम इस बार सिर्फ “टिकने” नहीं, बल्कि पूरे टूर्नामेंट को जीतने के इरादे से आई है.
बांग्लादेश की तैयारी और भारत को चुनौती
बांग्लादेश ने सुपर-4 के अपने पहले मैच में श्रीलंका को हराकर सबको चौंका दिया था. अब भारत जैसी मजबूत टीम के खिलाफ उनका हौसला और बढ़ा है. सिमंस ने अपनी टीम को मानसिक और शारीरिक रूप से पूरी तरह फिट बताया है. उन्होंने कहा कि लगातार T20 और वनडे मैच खेलना आसान नहीं है, लेकिन उनकी टीम ने कड़ी मेहनत की है और हर चुनौती के लिए तैयार है.
उन्होंने यह भी जोड़ा कि, “आज की टी20 क्रिकेट सिर्फ धमाकेदार स्ट्रोक्स नहीं, बल्कि आंकड़ों, रणनीति और निरंतरता पर आधारित हो गई है. हमने उसी अंदाज में टीम बनाई है और अब तक उसका फायदा मिला है.”
यह बात साफ है कि बांग्लादेश अपनी रणनीति को लेकर काफी आश्वस्त है और भारत को हराने के लिए हर छोटी-बड़ी कमजोरी को निशाना बनाने का इरादा रखता है.
भारत के खिलाफ बांग्लादेश का इतिहास
टी20 क्रिकेट के इतिहास में भारत का बांग्लादेश पर दबदबा रहा है. अब तक दोनों टीमों के बीच 17 मुकाबले हुए हैं, जिनमें से 16 भारत ने जीते और बांग्लादेश को सिर्फ एक बार जीत मिली. ये आंकड़े भले ही भारत के पक्ष में हों, लेकिन क्रिकेट में एक दिन का खेल सब कुछ बदल सकता है.
बांग्लादेश के लिए ये मैच सिर्फ एक मुकाबला नहीं, बल्कि सम्मान और आत्मविश्वास का सवाल है. खासकर तब, जब पाकिस्तान जैसी टीम भारत के सामने टिक नहीं पाई और अब बांग्लादेश उस लक्ष्य को हासिल करना चाहता है, जो दूसरों के लिए नामुमकिन जैसा रहा है.
ये भी पढ़ें- क्या UNSC का स्थायी सदस्य बनेगा भारत? संयुक्त राष्ट्र महासचिव ने भी किया समर्थन, चीन होगा परेशान!