इस साल सितंबर में ऐप्पल ने अपने आईफोन 17 सीरीज को लॉन्च किया, और इसने स्मार्टफोन बाजार में तहलका मचा दिया. न केवल इस सीरीज ने यूजर्स के बीच अपार सफलता हासिल की, बल्कि ऐप्पल के शेयर भी रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच गए. रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह सीरीज ऐप्पल के लिए 14 साल बाद एक ऐतिहासिक पल लेकर आई है. काउंटरप्वाइंट रिसर्च की हालिया रिपोर्ट से पता चलता है कि ऐप्पल 2025 में सैमसंग को पछाड़कर दुनिया की सबसे बड़ी स्मार्टफोन कंपनी बन जाएगी. आइए, समझते हैं कि ऐप्पल को यह सफलता क्यों मिल रही है और इसके पीछे की वजह क्या है.
ऐप्पल के लिए साल 2025 होगा मील का पत्थर
काउंटरप्वाइंट रिसर्च के अनुसार, 2025 में आईफोन की बिक्री में 10 प्रतिशत का उछाल देखने को मिलेगा, जबकि सैमसंग के स्मार्टफोन बिक्री में महज 4.6 प्रतिशत की वृद्धि होगी. इस बढ़त का असर स्मार्टफोन बाजार पर पड़ने वाला है, जहां कुल ग्रोथ दर 3.3 प्रतिशत रहने का अनुमान है. यानी, ऐप्पल और सैमसंग दोनों ही औसत से कहीं अधिक तेजी से बढ़ने वाले हैं. ऐप्पल के मार्केट शेयर का अनुमान 19.4 प्रतिशत तक पहुंचने का है, और इस तरह ऐप्पल 2011 के बाद पहली बार स्मार्टफोन उद्योग में सबसे बड़ी कंपनी बन जाएगा. यह ऐतिहासिक बदलाव स्मार्टफोन मार्केट में एक नई दिशा का संकेत है, जहां ऐप्पल फिर से अपने पुराने राजपाट पर लौटेगा.
सैमसंग को पछाड़ने की ऐप्पल की रणनीति
आज की तारीख में सैमसंग स्मार्टफोन बाजार में सबसे बड़ी कंपनी है, लेकिन काउंटरप्वाइंट रिसर्च की रिपोर्ट के अनुसार, ऐप्पल जल्द ही उसे पीछे छोड़ देगा. आईफोन 17 की सफलता ने ऐप्पल को मजबूती से इस पोजीशन की ओर अग्रसर किया है. रिपोर्ट्स कहती हैं कि ऐप्पल को करीब 2030 तक अपनी इस पोजीशन का कोई खतरा नहीं होगा. इसका मुख्य कारण है, आईफोन की बिक्री में निरंतर बढ़ोतरी, विशेष रूप से कोरोना महामारी के दौरान खरीदी गईं आईफोन की अपग्रेडिंग.
आईफोन 17 की सफलता और अपग्रेडिंग ट्रेंड
आईफोन 17 की सीरीज की सफलता के पीछे एक महत्वपूर्ण कारण है ग्राहकों का लगातार अपने आईफोन को अपग्रेड करना. कोरोना महामारी के दौरान जिन्होंने आईफोन खरीदे थे, वे अब नए मॉडल्स पर स्विच कर रहे हैं. इसके अलावा, 2023 से लेकर 2024 तक 35 करोड़ से अधिक सेकंडहैंड आईफोन बिके हैं, और इन ग्राहकों के लिए भी अपग्रेड करने का समय आ चुका है. इसका मतलब यह है कि आने वाले 4-5 सालों तक ऐप्पल के पास स्मार्टफोन मार्केट में कोई खास प्रतिस्पर्धा नहीं होगी.
ये भी पढ़ें: धड़ाम हो गई iPhone 16 की कीमत, यहां मिल रहा शानदार डिस्काउंट, खरीदने पर होगी बंपर बचत, जानें डिटेल्स