'हारते ये हैं और इल्ज़ाम चुनाव आयोग (ECI) और बीजेपी पर लगाते हैं', वोट चोरी के आरोपों पर अनुराग ठाकुर का जवाब

भारतीय जनता पार्टी (BJP) के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कांग्रेस और उसके नेता राहुल गांधी द्वारा लगाए गए ‘वोट चोरी’ के आरोपों पर आज दिल्ली स्थित बीजेपी मुख्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान जवाब दिया.

Anurag Thakur Replies Congress on Vote Chori Allegations on election commission of india
Image Source: ANI

भारतीय जनता पार्टी (BJP) के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कांग्रेस और उसके नेता राहुल गांधी द्वारा लगाए गए ‘वोट चोरी’ के आरोपों पर आज दिल्ली स्थित बीजेपी मुख्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान जवाब दिया. ठाकुर ने कहा कि चुनाव आयोग (ECI) द्वारा पक्के नागरिकों के वोटर अधिकारों की सुरक्षा के लिए उठाए गए कदमों का कांग्रेस विरोध क्यों कर रही है, यह समझ से परे है.

अनुराग ठाकुर ने आरोप लगाया कि कांग्रेस बार-बार भारत के मतदाताओं को नजरअंदाज कर रही है और अब केवल अपने कथित घुसपैठिए वोटबैंक तक सीमित रहना चाहती है. उन्होंने कहा, “हारने के बाद कांग्रेस आरोप चुनाव आयोग और बीजेपी पर लगाती है. राहुल गांधी ने चुनाव के समय संविधान को लेकर भ्रम फैलाया और अब भी झूठे दावे कर रहे हैं. उनके पास चुनाव में कोई ठोस मुद्दा नहीं बचा है.”

सोनिया गांधी और राहुल क्यों नहीं देख पा रहे? 

ठाकुर ने खासकर रायबरेली और पश्चिम बंगाल के डायमंड हार्बर में कथित अनियमितताओं का जिक्र किया. उन्होंने बताया कि रायबरेली के बूथ नंबर 83, 151 और 218 में एक ही घर पर 47 वोटर रजिस्टर हुए हैं. वहीं, डायमंड हार्बर के बूथ नंबर 103 में कई धर्मों के मतदाता एक ही जगह सूचीबद्ध पाए गए. उन्होंने सवाल उठाया कि इन नामों को राहुल गांधी और सोनिया गांधी क्यों नहीं देख पा रहे हैं.

कर्नाटक और महाराष्ट्र चुनाव को लेकर कही ये बात 

केंद्रीय मंत्री ने कर्नाटक और महाराष्ट्र के चुनावों का हवाला देते हुए कहा कि कांग्रेस ने अपने ही दलित नेताओं को पार्टी से बाहर किया और बार-बार वोटिंग लिस्ट में अनियमितताएं सामने आईं. ठाकुर ने जोर देकर कहा कि केवल सच्चे भारतीय और पक्के नागरिकों का ही वोट होना चाहिए. उन्होंने कांग्रेस नेताओं से सवाल किया कि क्या वे इन असंगतियों पर जिम्मेदारी लेंगे और इस्तीफा देंगे. अनुराग ठाकुर के इस बयान के बाद राजनीतिक हलकों में कांग्रेस और बीजेपी के बीच फिर से मतदाता सूची और चुनाव प्रक्रिया को लेकर बहस तेज होने की संभावना है.

यह भी पढ़ें: मैं इसे देखूंगा..., आवारा कुत्तों को शेल्टर में डालने के आदेश पर बोले CJI बी आर गवई