Bihar Siwan Encounter: बिहार के सीवान जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान 25 हजार रुपये के इनामी कुख्यात अपराधी को मार गिराया. मारा गया आरोपी कई गंभीर मामलों में वांछित था और हाल ही में हुए एक सनसनीखेज हमले में भी उसका नाम सामने आया था. इस कार्रवाई के बाद पूरे इलाके में हलचल तेज हो गई है.
जानकारी के अनुसार, सीवान के बड़हरिया थाना क्षेत्र में पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुख्यात अपराधी सोनू यादव अपने साथियों के साथ छिपा हुआ है. सूचना के आधार पर पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर दबिश दी. इस दौरान अपराधियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने भी कार्रवाई की. मुठभेड़ के दौरान सोनू यादव को गोली लगी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई.
सोनू यादव पर 25 हजार रुपये का इनाम
पुलिस के मुताबिक, सोनू यादव पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था और वह कई आपराधिक मामलों में शामिल रहा था. बताया जा रहा है कि वह वही आरोपी है, जिसने चार दिन पहले पूर्व एमएलसी मनोज सिंह के परिवार पर जानलेवा हमला किया था. इस हमले में उनके भांजे हर्ष कुमार की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि बहनोई गंभीर रूप से घायल हो गए थे और उनका इलाज पटना में जारी है. इस घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल था और पुलिस पर आरोपियों की गिरफ्तारी का दबाव बढ़ गया था.
मृतक की पहचान हुसैनगंज थाना क्षेत्र के सरेया गांव निवासी गरजू यादव के पुत्र सोनू यादव के रूप में हुई है. पुलिस ने इस मामले में एक अन्य आरोपी सुनील यादव को गिरफ्तार किया है, जिसके पास से एक कार भी बरामद की गई है. अधिकारियों के अनुसार, इस गैंग के अन्य सदस्यों की तलाश भी तेज कर दी गई है.
2 दिन पहले भी हुआ था एनकाउंटर
गौरतलब है कि इस कार्रवाई से पहले दो दिन पूर्व छोटू यादव नाम के एक अन्य अपराधी का भी एनकाउंटर हुआ था. इससे यह संकेत मिलता है कि पुलिस लगातार इस गैंग के खिलाफ सख्त अभियान चला रही है और एक-एक कर अपराधियों पर कार्रवाई कर रही है.
सीवान पुलिस की लगातार हो रही कार्रवाई से साफ है कि वह अपराध पर नियंत्रण पाने के लिए पूरी तरह एक्शन मोड में है. खासतौर पर मनोज सिंह के परिवार पर हुए हमले के बाद पुलिस ने तेजी दिखाई है और संबंधित गैंग के सदस्यों के खिलाफ लगातार सख्त कदम उठाए जा रहे हैं. फिलहाल इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है और फरार अपराधियों की तलाश जारी है.
ये भी पढ़ें- Weather: दिल्ली-NCR में आंधी-बारिश, यूपी-बिहार समेत कई राज्यों में अलर्ट, आपके यहां कैसा रहेगा मौसम?