थोड़ी देर में दिल्ली पहुंचेगा लॉरेंस बिश्नोई का भाई अनमोल, अमेरिका ने किया डिपोर्ट

भारत की खुफिया और सुरक्षा एजेंसियों की महीनों की कवायद आखिरकार सफल होती दिख रही है. कुख्यात गैंगस्टर और लॉरेंस बिश्नोई का भाई अनमोल बिश्नोई बुधवार (19 नवंबर, 2025) को अमेरिका से डिपोर्ट होकर भारत लाया जा रहा है.

Anmol Bishnoi Coming in delhi sometimes america deported
Image Source: Social Media

भारत की खुफिया और सुरक्षा एजेंसियों की महीनों की कवायद आखिरकार सफल होती दिख रही है. कुख्यात गैंगस्टर और लॉरेंस बिश्नोई का भाई अनमोल बिश्नोई बुधवार (19 नवंबर, 2025) को अमेरिका से डिपोर्ट होकर भारत लाया जा रहा है. सलमान खान के घर पर हुई फायरिंग और बाबा सिद्दीकी हत्याकांड जैसे हाई-प्रोफाइल मामलों में वॉन्टेड यह आरोपी अब कुछ ही देर में दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर उतरेगा.


सूत्रों के अनुसार अनमोल बिश्नोई की फ्लाइट निर्धारित समय से लगभग डेढ़ घंटे देरी से पहुंच रही है, लेकिन NIA की टीम टर्मिनल 3 पर उसके स्वागत—यानी कि गिरफ्तारी के लिए पहले से मौजूद है. जैसे ही वह भारत की जमीन पर कदम रखेगा, NIA उसे हिरासत में ले लेगी. उसके बाद केंद्र सरकार यह तय करेगी कि आगे की कस्टडी किस एजेंसी को सौंपी जाए. महाराष्ट्र पुलिस पहले ही संकेत दे चुकी है कि सलमान खान के गैलेक्सी अपार्टमेंट पर अप्रैल 2024 में हुई फायरिंग में अनमोल की भूमिका की जांच के लिए वे कोर्ट से उसकी कस्टडी मांगेंगे.

कई राज्यों में मामले लंबित, उसके पास से मिला रूस का फर्जी पासपोर्ट

मुंबई पुलिस ने अनमोल के प्रत्यर्पण के लिए दो प्रस्ताव भेजे थे और देशभर में उसके खिलाफ दर्जनों गंभीर मामले दर्ज हैं.एजेंसियों को हाल ही में इनपुट मिला था कि अनमोल अमेरिका और कनाडा के बीच अपनी लोकेशन बदल रहा है, तभी उसे कनाडा में हिरासत में ले लिया गया. जांच में उसके पास से नकली दस्तावेज़ों पर बना रूसी पासपोर्ट भी बरामद हुआ था.पिछले साल उसे अमेरिका में भी पकड़ा गया था, और NIA ने उस पर 10 लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा था.

सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड में भी नाम सामने आया था

अनमोल बिश्नोई का अपराध रिकॉर्ड केवल धमकियों और फायरिंग तक सीमित नहीं है. वर्ष 2022 में सिद्धू मूसेवाला की हत्या में बतौर साजिशकर्ता उसका नाम सामने आया था. उस मामले में लॉरेंस बिश्नोई गैंग की सक्रियता साबित हुई थी.इधर, NCP नेता और दिवंगत बाबा सिद्दीकी के बेटे जीशान सिद्दीकी ने पुष्टि की है कि उन्हें ईमेल द्वारा बताया गया है कि अनमोल को भारत भेजा जा रहा है. जीशान ने साफ कहा—“हम चाहते हैं कि अनमोल को उसके अपराधों की सजा मिले.”

बाबा सिद्दीकी मर्डर केस में गिरफ्तार हुए 26 आरोपी, अनमोल के आने से तेज़ होगी जांच

12 अक्टूबर 2024 को बांद्रा में जीशान सिद्दीकी के ऑफिस के बाहर पूर्व मंत्री बाबा सिद्दीकी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. मुंबई पुलिस ने इस केस में MCOCA के तहत कार्रवाई की और अब तक 26 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है.फिर भी अनमोल बिश्नोई, शुभम लोंकर और जीशान मोहम्मद अख़्तर अभी तक वॉन्टेड सूची में थे.अब अनमोल की भारत वापसी से इस मामले के साथ-साथ उससे जुड़े अन्य सभी हाई-प्रोफाइल केसों की जांच में तेजी आने की उम्मीद है.

यह भी पढ़ें: धुंध, हल्की ठंड और बढ़ते प्रदूषण में छिप गई दिल्ली, जानें आज का Weather Update