कुरनूल बस हादसा: एक चूक जिसने 20 ज़िंदगियाँ छीन लीं, हादसे की पूरी कहानी आई सामने

आंध्र प्रदेश के कुरनूल ज़िले में शुक्रवार, 24 अक्टूबर 2025 को हुई एक भीषण बस दुर्घटना ने पूरे देश को शोक में डुबो दिया. देर रात हुई इस दर्दनाक घटना में एक प्राइवेट बस आग की लपटों में घिर गई, जिससे 20 यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई.

Andhra Pradesh Karnool Buss accident bike collided police reveald
Image Source: Social Media

आंध्र प्रदेश के कुरनूल ज़िले में शुक्रवार, 24 अक्टूबर 2025 को हुई एक भीषण बस दुर्घटना ने पूरे देश को शोक में डुबो दिया. देर रात हुई इस दर्दनाक घटना में एक प्राइवेट बस आग की लपटों में घिर गई, जिससे 20 यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई. शुरुआती जांच में जो साधारण सड़क हादसा लग रहा था, वह दरअसल दो लगातार हुई दुर्घटनाओं की श्रृंखला थी, जिसने मिनटों में भयावह रूप ले लिया.


पुलिस के अनुसार, घटना रात करीब 2 बजे की है जब कुरनूल जिले के चिन्ना टेकुरु गांव के पास एक बाइक अचानक सड़क पर फिसल गई. बाइक चला रहे शिवा शंकर नाम के युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके पीछे बैठा एरी स्वामी मामूली रूप से घायल हुआ. हादसे के कुछ ही पल बाद बेंगलुरु की ओर जा रही एक निजी स्लीपर बस उसी बाइक पर चढ़ गई. बस के नीचे बाइक फंसते ही पेट्रोल रिसाव से आग लग गई और देखते ही देखते बस पूरी तरह लपटों में घिर गई. हादसा इतना तेज था कि कई यात्रियों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिल पाया.

पुलिस की जांच में सामने आई सच्चाई

कुरनूल के पुलिस अधीक्षक विक्रांत पाटिल ने शनिवार को बताया कि यह दुर्घटना दरअसल “दो घटनाओं की श्रृंखला” थी. पहली – बाइक का फिसलकर डिवाइडर से टकराना, और दूसरी उसी बाइक पर बस का चढ़ जाना. उन्होंने बताया कि बाइक सवार शिवा शंकर की मौके पर ही मौत हो चुकी थी और उसके साथी स्वामी ने किसी तरह खुद को बचाया., एसपी पाटिल ने कहा, “स्वामी ने बयान में बताया कि वह शिवा शंकर को तुग्गली गांव छोड़ने के लिए निकला था. जब वे चिन्ना टेकुरु पहुंचे, तब बाइक फिसल गई और शिवा शंकर डिवाइडर से टकरा गया. उसकी मौत उसी क्षण हो गई.”

सीसीटीवी फुटेज से खुला घटनाक्रम का सच

पुलिस को हादसे से ठीक पहले का सीसीटीवी फुटेज भी मिला है, जिसमें शिवा शंकर और स्वामी तड़के 2:24 बजे के आसपास एचपी पेट्रोल पंप पर बाइक में ईंधन भरवाते दिख रहे हैं. इसके कुछ ही मिनटों बाद बारिश और फिसलन के कारण बाइक का नियंत्रण बिगड़ गया. फुटेज और बयान के आधार पर पुलिस ने यह निष्कर्ष निकाला कि बस ने तब टक्कर मारी जब स्वामी अपने साथी को सड़क के बीच से हटाकर किनारे करने की कोशिश कर रहा था. इसी दौरान बस बाइक को रौंदते हुए कुछ मीटर तक घसीटती चली गई और उसमें विस्फोट के बाद आग लग गई.

20 यात्रियों की दर्दनाक मौत, कई घायल

आग इतनी तेजी से फैली कि बस के अंदर बैठे यात्रियों को बाहर निकलने का समय नहीं मिला. मौके पर मौजूद लोगों ने राहत और बचाव कार्य शुरू किया, लेकिन जब तक दमकल विभाग पहुंचा, तब तक बस लगभग पूरी तरह जल चुकी थी. अधिकारियों ने बताया कि अब तक 20 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि कई यात्री गंभीर रूप से झुलस गए हैं.

“कुछ सेकंड में सब खत्म हो गया” — प्रत्यक्षदर्शी का बयान

हादसे के प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कुछ ही पलों में बस आग के गोले में बदल गई. आसपास के ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी, लेकिन आग की लपटें इतनी तीव्र थीं कि किसी को बचाने का मौका नहीं मिला. एक स्थानीय निवासी ने बताया, “बस से चीख-पुकार की आवाजें आ रही थीं, लेकिन लपटों ने सब कुछ निगल लिया.”

जांच जारी, मुआवजे का ऐलान जल्द

पुलिस ने बस कंपनी के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज किया है. कुरनूल प्रशासन ने मृतकों के परिजनों के लिए आर्थिक सहायता की घोषणा की है और घायलों के इलाज की पूरी व्यवस्था की गई है. हादसे की विस्तृत जांच के लिए विशेष टीम गठित की गई है. एसपी विक्रांत पाटिल ने कहा कि सभी सबूत जुटाए जा रहे हैं, ताकि यह पता लगाया जा सके कि बस चालक ने सड़क की स्थिति को लेकर सावधानी क्यों नहीं बरती.

यह भी पढ़ें: अमेरिका से भारत लौटा मोस्ट वांटेड गैंगस्टर लखविंदर, CBI के इंटरनेशनल ऑपरेशन में बड़ी सफलता, लॉरेंस गैंग की टूटी कमर