Hardoi News: उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जिसने सभी को हैरान कर दिया. यहां एक युवक को किंग कोबरा सांप ने डस लिया, लेकिन उसने गुस्से में आकर उसी सांप को पकड़ लिया और उसके फन को अपने दांतों से चबा डाला. इस घटना में युवक की जान तो बच गई, लेकिन सांप की मौत हो गई. यह अनोखी घटना अब पूरे इलाके में चर्चा का विषय बन चुकी है.
गुस्से में सांप से लिया बदला
यह घटना हरदोई के टड़ियावां थाना क्षेत्र के भड़ायल गांव के मजरा पुष्पताली की है, जहां के निवासी 28 वर्षीय पुनीत (पुत्र सुरेश) ने 4 नवंबर को अपने खेत पर काम करते समय एक किंग कोबरा सांप से सामना किया. सांप ने अचानक उसके पैर से लिपट कर उसे डस लिया. इसके बावजूद घबराने के बजाय, पुनीत ने साहसिक कदम उठाया और गुस्से में आकर उस जहरीले सांप को अपने हाथ से पकड़ लिया. फिर उसने सांप के फन को अपने दांतों से चबा डाला, जिससे सांप की मौत हो गई.
युवक की हालत में सुधार
सांप के काटने से पुनीत के पैर में दर्द हुआ और वह थोड़ी देर के लिए चक्कर खा गया, लेकिन बावजूद इसके उसने किसी भी तरह की घबराहट नहीं दिखाई. परिवारजनों को जब इस बारे में जानकारी हुई तो उन्होंने तुरंत उसे हरदोई मेडिकल कॉलेज पहुंचाया. डॉक्टरों ने उसे भर्ती किया और रात भर निगरानी में रखा. इलाज के बाद उसकी हालत में सुधार आया और 5 नवंबर को उसे छुट्टी दे दी गई. डॉक्टरों के अनुसार, युवक की स्थिति अब सामान्य है और किसी प्रकार का गंभीर खतरा नहीं था.
डॉक्टर का बयान
हरदोई मेडिकल कॉलेज के इमरजेंसी मेडिकल ऑफिसर, डॉ. शेर सिंह ने इस घटना के बारे में बताया कि “पुनीत ने हमें बताया कि उसे किंग कोबरा ने काटा था और उसके लक्षण सामान्य थे. इसलिए इलाज के बाद उसे छुट्टी दे दी गई.” डॉ. शेर सिंह ने इस घटना को बेहद जोखिम भरा कदम बताया. उनका कहना था कि अगर सांप का जहर युवक के मुंह में चला जाता या फिर सांप उसे वहीं भी काट लेता, तो उसकी जान बचाना मुश्किल हो सकता था.
गांव में चर्चा का विषय बनी घटना
यह घटना न केवल पुनीत के परिवार, बल्कि पूरे गांव के लिए हैरान करने वाली थी. जहां लोग आमतौर पर कोबरा जैसे जहरीले सांप को देखकर डर जाते हैं, वहीं पुनीत ने साहसिक कदम उठाकर उस सांप से बदला लिया. अब यह घटना गांव में चर्चा का प्रमुख विषय बन गई है, और लोग उसकी बहादुरी की सराहना कर रहे हैं. चिकित्सकों के लिए भी यह मामला एक अजीब घटना बनकर सामने आया है, जिससे वे भी हैरान हैं.
ये भी पढ़ें: सिरकटी लाश, हथेलियां गायब... नोएडा के पॉश इलाके के नाले में मिला महिला का शव, जांच में जुटी पुलिस