KBC 17: नए साल की पहली तारीख सिनेमा प्रेमियों के लिए भावनाओं से भरी रही. दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र की आखिरी फिल्म ‘इक्कीस’ के रिलीज होते ही फैंस के साथ-साथ फिल्म इंडस्ट्री भी भावुक हो उठी. यह सिर्फ एक फिल्म नहीं, बल्कि हिंदी सिनेमा के हीमैन को दी गई आखिरी सलामी बन गई. अपने जिगरी दोस्त धर्मेंद्र को याद करते हुए महानायक अमिताभ बच्चन भी खुद को संभाल नहीं पाए और उनकी आंखें नम हो गईं.
‘कौन बनेगा करोड़पति 17’ के हालिया एपिसोड में फिल्म इक्कीस की स्टारकास्ट पहुंची थी. अगस्त्य नंदा और जयदीप अहलावत ने भी धर्मेंद्र को श्रद्धांजलि दी. एपिसोड की शुरुआत ही धर्मेंद्र को समर्पित एक भावुक ट्रिब्यूट से हुई. जैसे ही अमिताभ बच्चन ने अपने पुराने दोस्त का जिक्र शुरू किया, उनकी आवाज भर्रा गई. बिग बी ने कहा कि इक्कीस हम सभी के लिए धर्मेंद्र की आखिरी अमूल्य धरोहर है, जो उन्होंने करोड़ों दर्शकों के लिए छोड़ी है. उन्होंने कहा कि एक सच्चा कलाकार आखिरी सांस तक अभिनय करना चाहता है और धर्मेंद्र ने यही कर दिखाया. अमिताभ ने उन्हें सिर्फ दोस्त नहीं, बल्कि परिवार और प्रेरणा बताया.
“धर्मेंद्र सिर्फ इंसान नहीं, एक एहसास थे”
भावनाओं में डूबे अमिताभ बच्चन ने कहा कि धर्मेंद्र केवल एक नाम नहीं थे, बल्कि एक एहसास थे. ऐसे एहसास, जो कभी खत्म नहीं होते, बल्कि यादों और दुआओं के रूप में हमेशा साथ चलते हैं. उनकी बातें सुनकर पूरा स्टूडियो भावुक हो गया.
शोले की शूटिंग का अनसुना किस्सा
इस दौरान अमिताभ ने फिल्म शोले के दिनों को भी याद किया. उन्होंने बताया कि बैंगलोर में शूटिंग के दौरान एक सीन में धर्मेंद्र ने उन्हें इतनी मजबूती से पकड़ा था कि जो दर्द स्क्रीन पर दिखा, वह पूरी तरह असली था. अमिताभ ने कहा कि धर्मेंद्र की शारीरिक ताकत और जुनून ऐसा था कि उनके साथ काम करते वक्त एक्टिंग अपने आप रियल हो जाती थी.
डायरेक्टर और को-स्टार्स ने भी साझा की यादें
फिल्म इक्कीस के निर्देशक श्रीराम राघवन ने कहा कि वह खुद को बेहद खुशकिस्मत मानते हैं कि धर्मेंद्र ने उनकी फिल्म में आखिरी बार अभिनय किया. उन्होंने बताया कि उनकी अंतिम परफॉर्मेंस में भी वही चमक और गहराई थी, जिसके लिए वह जाने जाते हैं. वहीं जयदीप अहलावत ने धर्मेंद्र के साथ काम करने के अनुभव को याद करते हुए कहा कि सेट पर कभी ऐसा महसूस नहीं हुआ कि वह किसी सुपरस्टार के साथ काम कर रहे हैं. उनका व्यवहार बिल्कुल परिवार जैसा था, बेहद सरल और अपनापन से भरा हुआ.
अगस्त्य नंदा की बड़ी शुरुआत
फिल्म इक्कीस में अमिताभ बच्चन के नाती अगस्त्य नंदा ने लीड रोल निभाया है. यह फिल्म उनके बड़े पर्दे पर डेब्यू का जरिया बनी है. उनके साथ सिमर भाटिया नजर आई हैं. इस तरह इक्कीस न सिर्फ एक नई शुरुआत की कहानी कहती है, बल्कि एक युग के खूबसूरत अंत की भी गवाही देती है.
यह भी पढ़ें: नीम करोली बाबा पर वेब सीरीज बनाने की तैयारी, 20 भाषाओं में होगी रिलीज; देखें पोस्टर