UP: अंबेडकरनगर में दिल दहलाने वाला कांड, 4 बच्चों की हत्या से मचा हड़कंप, पुलिस को किस पर है शक?

उत्तर प्रदेश के अंबेडकरनगर जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. मीरानपुर मोहल्ले में शनिवार दोपहर चार मासूम बच्चों की निर्मम हत्या कर दी गई, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई है.

Ambedkar Nagar four child murder Mother suspected killing children
Image Source: Social Media

उत्तर प्रदेश के अंबेडकरनगर जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. मीरानपुर मोहल्ले में शनिवार दोपहर चार मासूम बच्चों की निर्मम हत्या कर दी गई, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई है. पुलिस की प्राथमिक जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि बच्चों की हत्या उनकी मां ने की हो सकती है. फिलहाल, पुलिस मां की तलाश में जुटी है और इस मामले की गहन छानबीन की जा रही है.

शनिवार दोपहर लगभग तीन बजे, अंबेडकरनगर जिले के अकबरपुर तहसील स्थित मीरानपुर मोहल्ले में एक घर से चौंकाने वाली खबर आई. एक घर के अंदर बिस्तर पर चार छोटे बच्चों के खून से सने शव पाए गए. घर का दरवाजा अंदर से बंद था और बच्चों की मां घर से गायब थी. मृतक बच्चों की पहचान महरुआ निवासी नियाज की पत्नी के पुत्र शफीक, सऊद, उमर और पुत्री बयान के रूप में हुई है.

पति के दूसरे निकाह को लेकर तनाव?

पुलिस के मुताबिक, बच्चों की मां का पति पिछले कई वर्षों से सऊदी अरब में नौकरी कर रहा था और उसने वहीं एक पाकिस्तानी महिला से शादी भी कर ली थी. यह जानकारी महिला के लिए तनाव का कारण बन सकती है, क्योंकि वह अपने पति के दूसरे निकाह से परेशान थी. पुलिस हत्या की वजह इसी तनाव को मान रही है और मामले की गहन जांच की जा रही है.

पुलिस और फॉरेंसिक टीम की जांच

जैसे ही घटना की जानकारी पुलिस को मिली, मौके पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम पहुंच गई और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस ने घर की जांच की, जहां का दरवाजा अंदर से बंद था और महिला के फरार होने के तरीके को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं. पुलिस यह जानने की कोशिश कर रही है कि महिला कमरे से कैसे फरार हो गई.

महिला की तलाश जारी

एसपी प्रीति सिंह ने इस घटना पर टिप्पणी करते हुए कहा कि पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है. उन्होंने यह भी कहा कि महिला का पति पिछले एक महीने से घर नहीं आया है और वह सऊदी अरब में काम कर रहा है. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि महिला ने हत्या क्यों की और वह कहां गायब हो सकती है. उन्होंने कहा कि जांच के दौरान किसी भी प्रकार की कड़ी को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा.

ये भी पढ़ें: नॉनवेज न बनाने पर हुआ झगड़ा, पति ने लगाई डांट तो पत्नी ने कर डाला बड़ा कांड, जानकर कांप उठेगा कलेजा