टीवी की दुनिया के सबसे चर्चित रियलिटी शोज़ में से एक बिग बॉस 19 इस बार पूरी तरह सितारों की चकाचौंध और इमोशन्स से भरा हुआ है. इस सीज़न में जहां कई कंटेस्टेंट्स ने अपनी पर्सनैलिटी से दर्शकों को प्रभावित किया है, वहीं म्यूज़िक कंपोजर अमाल मलिक की मौजूदगी ने शो को एक अलग ही भावनात्मक गहराई दी है.
घर के अंदर अमाल अक्सर खुद में खोए रहते हैं, कभी गुनगुनाते हुए तो कभी अपनी ज़िंदगी के पन्ने पलटते हुए. हाल ही में उन्होंने एक ऐसा खुलासा किया जिसने दर्शकों और घरवालों – दोनों को ही हैरान कर दिया. उन्होंने बताया कि फिल्म ‘बद्रीनाथ की दुल्हनिया’ का मशहूर गाना ‘रोके ना रुके नैना’ उनके ब्रेकअप से जुड़ी उनकी निजी भावनाओं पर आधारित है. अमाल ने बताया, “उस वक्त मेरी ज़िंदगी में एक मुश्किल दौर चल रहा था. मेरा ब्रेकअप हो चुका था और मैं अंदर से काफी टूट चुका था. उसी दौरान मैंने गाने की लाइन ‘हाथों की लकीरें दो मिलती जहां हैं...’ लिखी थी.”
गाने का ऑफर ट्रिप के वक्त आया था
अमाल ने साझा किया कि जब उन्हें यह गाना करने का ऑफर मिला, तो वह छुट्टी पर जाने की तैयारी में थे और शुरू में उन्होंने मना कर दिया था. लेकिन डायरेक्टर शशांक खेतान ने उन्हें कहा कि वह ट्रिप के दौरान इस पर काम कर सकते हैं. उन्होंने कहा, “जब मैंने गाने का दूसरा अंतरा सुना, तो वो लाइनें मेरे दिल को छू गईं. लगा जैसे ये मेरी ही कहानी है. मैंने उसी फीलिंग से इसे लिखा और कंपोज किया.” यह गाना आज भी लोगों की प्लेलिस्ट में शामिल है और इसकी भावनात्मक गहराई अब और ज्यादा महसूस की जा सकती है.
बिग बॉस में एंट्री से चमका अमाल का सितारा
शो में अमाल मलिक की मौजूदगी को लेकर ना सिर्फ घरवाले उन्हें एक मज़बूत चैलेंजर मानते हैं, बल्कि दर्शकों में भी उनकी जबरदस्त फैन फॉलोइंग देखने को मिल रही है. वह अपनी सादगी, गहराई और ईमानदारी से लोगों का दिल जीतते नजर आ रहे हैं.
वाइल्ड कार्ड एंट्री से घर में बढ़ा ड्रामा
दूसरी ओर, शो में हाल ही में एक नया ट्विस्ट आया जब क्रिकेटर दीपक चाहर की बहन मालती चाहर ने बतौर वाइल्ड कार्ड कंटेस्टेंट बिग बॉस हाउस में एंट्री ली. उनके आते ही घर में माहौल पूरी तरह बदल गया. मालती ने आते ही तान्या मित्तल को अपना पहला निशाना बनाया. वह न सिर्फ तान्या को लेकर लगातार चर्चा करती रहीं, बल्कि कई बार उन्हें सीधे तौर पर घेरती भी नजर आईं. इस टारगेटिंग से तान्या का आत्मविश्वास डगमगाता दिखा.
यह भी पढ़ेंः हिजाब और लंबी दाड़ी... बदला-बदला दिखा रणवीर और दीपिका पादुकोण का लुक; फिर दिखे पर्दे पर साथ