फोटो खींचने को लेकर हुआ विवाद, अलीगढ़ में घरातियों का बरातियों पर हमला, दूल्हे के भाई को पीट-पीटकर मार डाला

Aligarh News: अलीगढ़ के अतरौली थाना क्षेत्र में एक ऐसी दिल दहला देने वाली घटना घटी है, जिसने खुशियों के माहौल को मातम में बदल दिया. बारातियों को शादी के जश्न में शामिल होने के बजाय घरातियों से बुरी तरह पीट, और इस हमले में दूल्हे के चचेरे भाई की जान चली गई.

Aligarh Crime Groom Cousin Beaten to Death Over Minor Dispute at Wedding
Image Source: Freepik

Aligarh News: अलीगढ़ के अतरौली थाना क्षेत्र में एक ऐसी दिल दहला देने वाली घटना घटी है, जिसने खुशियों के माहौल को मातम में बदल दिया. बारातियों को शादी के जश्न में शामिल होने के बजाय घरातियों से बुरी तरह पीट, और इस हमले में दूल्हे के चचेरे भाई की जान चली गई. यह घटना न केवल परिवार के लिए एक बड़ा सदमा बनकर आई, बल्कि पूरे इलाके में खलबली मचा दी है.

विवाद के बाद हुआ हमला

यह घटना 14 नवम्बर 2025 की रात की है, जब आगरा से बारात अलीगढ़ के अतरौली क्षेत्र के मढ़ोली गांव स्थित लक्ष्मी फार्म हाउस में आई थी. आरोप है कि घरातियों ने बारात में आए एक युवक से अभद्र व्यवहार किया, जिसके बाद बारातियों ने विरोध किया. बस यही विवाद कुछ ही मिनटों में हिंसा में तब्दील हो गया. घरातियों ने लाठी-डंडों से एक दर्जन से ज्यादा बारातियों को पीटना शुरू कर दिया, जिसमें दूल्हे के सगे भाई और चचेरे भाई सहित कई लोग घायल हो गए.

दूल्हे के चचेरे भाई की मौत

घटना में गंभीर रूप से घायल दूल्हे के चचेरे भाई विनय (25) की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई. उन्हें रात करीब 1:30 बजे डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. वहीं, दूल्हे का सगा भाई, जो पेशे से सॉफ्टवेयर इंजीनियर है, गंभीर रूप से घायल है और उसे दिल्ली के एम्स अस्पताल रेफर कर दिया गया है.

मोबाइल फोटो को लेकर हुआ था विवाद

दूल्हे के भाई सोनू ने पुलिस को बताया कि यह हमला मोबाइल से तस्वीर खींचने को लेकर हुआ था. बारात के सदस्य फार्म हाउस से घर लौटने की तैयारी कर रहे थे, तभी जोगिंदर नामक व्यक्ति के इशारे पर करीब 10 से 12 अज्ञात हमलावरों ने उन पर हमला बोल दिया. इस हमले में बाराती बुरी तरह घायल हो गए, जिनमें से कई का इलाज अस्पताल में चल रहा है.

पुलिस ने दर्ज किया मामला

घटना के बाद अतरौली थाने की पुलिस ने नामजद और अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है. पुलिस अब हमलावरों की तलाश में जुटी है. इस घटना से पीड़ित परिवार के सदस्य और स्थानीय लोग गहरे सदमे में हैं. घटना के बाद परिवार में मातम छाया हुआ है और सभी की आँखों में आंसू हैं.

इलाके में हड़कंप

यह घटना न सिर्फ परिवार के लिए बल्कि पूरे अलीगढ़ जिले के लिए एक बड़ा झटका है. पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है, लेकिन अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है. ऐसे में इस हमले ने क्षेत्र में सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं और लोग अब इस मामले में सख्त कार्रवाई की उम्मीद कर रहे हैं.

ये भी पढ़ें: गोंडा में पत्नी ने किया सुसाइड, बर्दाश्त नहीं कर सका पति, 7 दिन बाद खुद ने भी लगा ली फांसी