UK RAF Fairford Air Base: ब्रिटेन के दक्षिण-पश्चिमी हिस्से में स्थित RAF Fairford एयरबेस की सुरक्षा अचानक बढ़ा दी गई है. इस एयरबेस का इस्तेमाल अमेरिकी वायुसेना भी करती है. सुरक्षा बढ़ाए जाने के बाद आसपास के इलाकों में पुलिस और सुरक्षा बलों की तैनाती बढ़ा दी गई है और कई जगहों पर वाहनों की जांच की जा रही है.
मामला उस समय सामने आया है जब ब्रिटेन और अमेरिका के बीच ईरान को लेकर तनाव बना हुआ है. रिपोर्ट के मुताबिक, एयरबेस से जुड़े इलाके में सुरक्षा एजेंसियां लगातार तलाशी अभियान चला रही हैं.
विस्फोटक अधिनियम के तहत कई लोग गिरफ्तार
रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, ब्रिटिश पुलिस ने विस्फोटक अधिनियम के तहत अपराध के शक में कई लोगों को गिरफ्तार किया है. इन गिरफ्तारियों के बाद RAF Fairford के आसपास सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई.
पुलिस ने एयरबेस के आसपास आने-जाने वाले वाहनों की जांच भी शुरू कर दी है. सुरक्षा एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि गिरफ्तार लोगों का मामला एयरबेस से किस तरह जुड़ा है.
आसपास के घर खाली कराए गए
ग्लॉस्टरशायर पुलिस के मुताबिक, आपात स्थिति घोषित किए जाने के बाद व्हेलफोर्ड इलाके में कुछ घरों और दूसरी संपत्तियों को खाली कराया जा रहा है. यह कार्रवाई विस्फोटक अधिनियम के तहत कई लोगों की गिरफ्तारी के बाद की गई है. एयरबेस के आसपास पुलिस की मौजूदगी बढ़ गई है. मुख्य प्रवेश द्वार की तरफ जाने वाले रास्तों पर भी सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं.
करीब 30 इमरजेंसी वाहन मौके पर
रॉयटर्स के मुताबिक, एयरबेस के पास फेयरफोर्ड गांव में करीब 30 आपातकालीन वाहन तैनात किए गए हैं. इनमें एंबुलेंस और फायर ब्रिगेड की गाड़ियां भी शामिल हैं. एक प्रत्यक्षदर्शी के अनुसार, सशस्त्र पुलिसकर्मियों ने एयरबेस के मुख्य गेट की ओर जाने वाले रास्तों पर लोगों की आवाजाही रोक दी थी. आसपास के इलाके में तलाशी और सुरक्षा जांच जारी रही.
RAF Fairford का क्या है महत्व?
RAF Fairford ब्रिटेन का एक प्रमुख सैन्य एयरबेस है, जिसका इस्तेमाल अमेरिकी वायुसेना करती रही है. यहां से अमेरिकी सैन्य विमान अलग-अलग अभियानों के लिए उड़ान भरते रहे हैं. ईरान और अमेरिका के बीच तनाव के दौरान भी इस एयरबेस का नाम सामने आया है. होर्मुज जलडमरूमध्य में जहाजों पर हमलों के बाद क्षेत्र में सैन्य गतिविधियां बढ़ी हैं.
ईरान पहले दे चुका है चेतावनी
ईरान और अमेरिका के बीच तनाव बढ़ने के बीच ईरान के रिवॉल्यूशनरी गार्ड्स की ओर से RAF Fairford को लेकर चेतावनी भी दी गई थी. ईरानी पक्ष ने कहा था कि अमेरिकी बमवर्षक विमानों को इस एयरबेस से उड़ान भरने की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए.
हालांकि, मौजूदा सुरक्षा कार्रवाई के पीछे गिरफ्तार किए गए लोगों की भूमिका क्या है और क्या इसका ईरान से कोई सीधा संबंध है, इसकी अभी आधिकारिक तौर पर पूरी जानकारी सामने नहीं आई है.
ये भी पढ़ें- 'सांप पालोगे तो काटेगा ही', टेररिज्म इंडेक्स में टॉप पर पहुंचा पाकिस्तान, पूर्व राजदूत ने खोली पोल