Bihar Transport Department: बिहार में नंबर प्लेट छुपाकर या उसमें बदलाव करके गाड़ी चलाने वालों के खिलाफ अब सख्त कार्रवाई शुरू हो गई है. बिहार परिवहन विभाग ने ऐसे वाहनों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है.
विभाग के आंकड़ों के मुताबिक जनवरी से अब तक पूरे राज्य में 1200 से ज्यादा वाहनों पर जुर्माना लगाया जा चुका है. इनमें सबसे अधिक मामले पटना से सामने आए हैं, जहां अब तक 411 गाड़ियों पर कार्रवाई की गई है.
जिलों को दिए गए सख्त निर्देश
परिवहन विभाग ने सभी जिलों को निर्देश जारी किए हैं कि नंबर प्लेट से छेड़छाड़ करने वाले वाहनों पर सख्ती से कार्रवाई की जाए. अगर जांच के दौरान ऐसी कोई गाड़ी पकड़ी जाती है तो पहले उसे जब्त किया जाएगा, इसके बाद नियमों के अनुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
अपराध में हो रहा था इस्तेमाल
विभाग का कहना है कि कई आपराधिक घटनाओं में इस्तेमाल होने वाली गाड़ियों में हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट नहीं होती. पुरानी नंबर प्लेट वाली गाड़ियां जब चेकपोस्ट या सड़कों पर लगे कैमरों से गुजरती हैं तो उनका नंबर साफ पढ़ना मुश्किल हो जाता है. इसी कमजोरी का फायदा उठाकर कुछ लोग अपराध को अंजाम देते हैं.
नंबर प्लेट के साथ की जा रही थी छेड़छाड़
जांच के दौरान यह भी सामने आया है कि कुछ लोग नंबर प्लेट के अंकों पर टेप, कागज या स्टिकर चिपका देते हैं, जिससे असली नंबर पहचानना मुश्किल हो जाता है. इसके अलावा कई वाहनों पर अब भी हाथ से लिखी हुई नंबर प्लेट लगी हुई मिल रही है, जो नियमों के खिलाफ है.
राज्यभर में चल रहा जांच अभियान
परिवहन विभाग के अनुसार बिहार में अभी भी 20 लाख से ज्यादा पुरानी गाड़ियां ऐसी हैं, जिनमें हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट नहीं लगी है. नियमों के मुताबिक 1 अप्रैल 2019 से पहले खरीदी गई सभी गाड़ियों में हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट लगाना जरूरी है.
विभाग ने यह भी बताया कि करीब 39 हजार वाहन मालिक ऐसे हैं जिन्होंने नंबर प्लेट बनवा तो ली है, लेकिन अभी तक उसे अपनी गाड़ी पर नहीं लगाया है. इसी वजह से अब पूरे राज्य में विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है, ताकि नियमों का पालन सुनिश्चित किया जा सके और अपराध में वाहनों के इस्तेमाल को रोका जा सके.
ये भी पढ़ें- मिडिल ईस्ट संकट के बीच महंगा हुआ हवाई सफर, एयर इंडिया ने डोमेस्टिक-इंटरनेशनल फ्लाइट का बढ़ाया किराया