TV पर कमबैक करेंगे अक्षय कुमार, 50 साल पुराने इस शो को करेंगे होस्ट

बॉलीवुड सितारों का टीवी से पुराना रिश्ता रहा है. अमिताभ बच्चन से लेकर सलमान खान और शाहरुख खान तक कई बड़े नाम छोटे पर्दे पर बतौर होस्ट अपनी अलग पहचान बना चुके हैं. अब इसी कड़ी में अक्षय कुमार एक बार फिर टीवी की दुनिया में वापसी करने जा रहे हैं.

Akshay Kumar Will host show wheel of fortune on sony india television
Image Source: Social Media

बॉलीवुड सितारों का टीवी से पुराना रिश्ता रहा है. अमिताभ बच्चन से लेकर सलमान खान और शाहरुख खान तक कई बड़े नाम छोटे पर्दे पर बतौर होस्ट अपनी अलग पहचान बना चुके हैं. अब इसी कड़ी में अक्षय कुमार एक बार फिर टीवी की दुनिया में वापसी करने जा रहे हैं. खास बात यह है कि इस बार वे किसी देसी फॉर्मेट नहीं, बल्कि दुनिया के सबसे मशहूर इंटरनेशनल गेम शो के भारतीय संस्करण को होस्ट करते नजर आएंगे.


सोनी पिक्चर्स नेटवर्क्स इंडिया साल 2026 में एक बड़े और खास प्रोजेक्ट पर काम कर रहा है. इसके तहत ग्लोबल स्तर पर बेहद लोकप्रिय गेम शो ‘व्हील ऑफ फॉर्च्यून’ को भारतीय दर्शकों के लिए लॉन्च किया जाएगा. इस शो की कमान खुद अक्षय कुमार संभालेंगे, जिसे लेकर दर्शकों में अभी से उत्साह देखने को मिल रहा है.

प्रोमो ने बढ़ाया एक्साइटमेंट

हाल ही में इस शो का एक मजेदार और एनर्जी से भरा प्रोमो सामने आया है, जिसे अक्षय कुमार ने अपने X (पूर्व ट्विटर) अकाउंट पर शेयर किया. प्रोमो सामने आते ही सोशल मीडिया पर हलचल मच गई और फैंस ने अक्षय की टीवी वापसी का जोरदार स्वागत किया. अक्षय ने अपनी खुशी जाहिर करते हुए लिखा कि वे इतने बड़े और प्रतिष्ठित इंटरनेशनल फॉर्मेट को भारतीय दर्शकों तक लाने को लेकर बेहद उत्साहित हैं. उन्होंने यह भी संकेत दिया कि यह शो हर उम्र के दर्शकों को साथ जोड़ने की क्षमता रखता है.

क्यों खास है ‘व्हील ऑफ फॉर्च्यून’

‘व्हील ऑफ फॉर्च्यून’ को अमेरिकी टीवी इतिहास के सबसे ज्यादा देखे जाने वाले एंटरटेनमेंट शोज में गिना जाता है. इसका नाम गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में दुनिया के सबसे पॉपुलर टीवी गेम शो के तौर पर दर्ज है. इस शो को अब तक कई एमी अवॉर्ड मिल चुके हैं, जो इसकी सफलता और लोकप्रियता को दर्शाते हैं. भारत में इसका प्रसारण सोनी एंटरटेनमेंट टीवी पर किया जाएगा, वहीं डिजिटल दर्शक इसे सोनी लिव पर भी देख सकेंगे.

पांच दशक पुरानी विरासत

यह गेम शो कोई नया प्रयोग नहीं है. इसकी शुरुआत साल 1975 में हुई थी और अब तक इसके 60 से ज्यादा देशों में अलग-अलग वर्जन बनाए जा चुके हैं. करीब 50 साल की इस विरासत ने इसे दुनियाभर में एक भरोसेमंद और पसंदीदा एंटरटेनमेंट फॉर्मेट बना दिया है. शो का फॉर्मेट भी बेहद सरल लेकिन रोमांचक है, जहां प्रतियोगी व्हील घुमाते हैं और शब्दों या फ्रेज से जुड़े पजल्स को सॉल्व करके इनाम जीतते हैं.

टीवी होस्टिंग का अनुभव रखते हैं अक्षय

अक्षय कुमार के लिए टीवी होस्टिंग कोई नया अनुभव नहीं है. वे पहले ‘खतरों के खिलाड़ी’ के पहले, दूसरे और चौथे सीजन को होस्ट कर चुके हैं. साल 2011 में आया इसका चौथा सीजन खासा चर्चित रहा था. इसके अलावा वे एक कॉमेडी शो और हाल ही में करण जौहर के साथ ‘पिच टू गेट रिच’ में भी नजर आ चुके हैं.

फैंस को है बड़ी उम्मीद

अब जब अक्षय कुमार जैसे एनर्जेटिक और करिश्माई स्टार के साथ ‘व्हील ऑफ फॉर्च्यून’ भारत में दस्तक देने जा रहा है, तो दर्शकों की उम्मीदें भी काफी बढ़ गई हैं. माना जा रहा है कि अक्षय की होस्टिंग स्टाइल और शो का इंटरनेशनल फॉर्मेट मिलकर भारतीय टीवी पर एक नया और ताज़ा अनुभव लेकर आएंगे.

यह भी पढ़ें: सड़क हादसे की शिकार हुईं नोरा फतेही, सनबर्न फेस्टिवल 2025 में जाने के दौरान हुआ एक्सिडेंट