Dhamaal 4: बॉक्स ऑफिस पर गर्दा उड़ाने को तैयार हैं अजय देवगन, इस दिन रिलीज होगी 'धमाल 4'

Dhamaal 4 Release Date: अजय देवगन अपनी सुपरहिट कॉमेडी टीम के साथ बड़े पर्दे पर लौटने की तैयारी में हैं. 'धमाल 4' को लेकर फैंस के बीच जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है और फिल्म की रिलीज से पहले ही सोशल मीडिया पर इसकी चर्चा तेज हो गई है.

ajay-devgn-dhamaal-4-trailer-release-date-box-office
Image Source: Social Media

Dhamaal 4 Release Date: बॉलीवुड में जब भी कॉमेडी फिल्मों की बात होती है तो 'धमाल' फ्रेंचाइजी का नाम सबसे पहले लिया जाता है. बीते कई सालों से इस सीरीज ने दर्शकों को हंसी और मनोरंजन का भरपूर डोज दिया है. अब एक बार फिर अजय देवगन अपनी सुपरहिट कॉमेडी टीम के साथ बड़े पर्दे पर लौटने की तैयारी में हैं. 'धमाल 4' को लेकर फैंस के बीच जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है और फिल्म की रिलीज से पहले ही सोशल मीडिया पर इसकी चर्चा तेज हो गई है.

जल्द रिलीज होगा फिल्म का ट्रेलर

रिपोर्ट्स के मुताबिक, 'धमाल 4' का ट्रेलर 12 जून को रिलीज किया जा सकता है. ट्रेलर को लेकर दर्शकों में खासा उत्साह है क्योंकि लंबे समय बाद इस लोकप्रिय कॉमेडी फ्रेंचाइजी का नया अध्याय सामने आने जा रहा है. वहीं फिल्म को 10 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज किए जाने की तैयारी है. मेकर्स को उम्मीद है कि फिल्म दर्शकों को एक बार फिर हंसी से लोटपोट कर देगी.

 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 

A post shared by Ajay Devgn (@ajaydevgn)

पहले तीन पार्ट्स ने किया था शानदार प्रदर्शन

'धमाल' फ्रेंचाइजी का ट्रैक रिकॉर्ड बॉक्स ऑफिस पर बेहद मजबूत रहा है. पहली फिल्म ने अपनी रिलीज के समय शानदार प्रदर्शन करते हुए घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 32.51 करोड़ रुपये का लाइफटाइम कलेक्शन किया था, जबकि दुनियाभर में इसका कारोबार 50.19 करोड़ रुपये तक पहुंच गया था.

इसके बाद आए दूसरे पार्ट ने भी दर्शकों का खूब मनोरंजन किया और 43.88 करोड़ रुपये की कमाई की. वहीं फ्रेंचाइजी की तीसरी फिल्म ने तो सफलता के नए रिकॉर्ड बना दिए थे. इस फिल्म ने भारतीय बॉक्स ऑफिस पर 154.23 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया, जबकि दुनियाभर में इसकी कुल कमाई 228.27 करोड़ रुपये तक पहुंच गई थी. यही वजह है कि चौथे पार्ट से भी बड़ी उम्मीदें लगाई जा रही हैं.

स्टारकास्ट में नजर आएंगे कई बड़े चेहरे

'धमाल 4' में एक बार फिर कई लोकप्रिय कलाकार दर्शकों को हंसाते हुए दिखाई देंगे. फिल्म में अजय देवगन, रितेश देशमुख, अरशद वारसी, जावेद जाफरी और संजय मिश्रा जैसे पुराने चेहरे नजर आएंगे. इनके अलावा ईशा गुप्ता, संजीदा शेख, अंजलि आनंद, उपेंद्र लिमये, विजय पाटकर और रवि किशन भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे. फिल्म का निर्देशन इंद्र कुमार कर रहे हैं, जिन्होंने इससे पहले भी इस फ्रेंचाइजी की सफल फिल्मों को निर्देशित किया है. वहीं टी-सीरीज और देवगन फिल्म्स इसके निर्माता हैं.

फर्स्ट लुक पोस्टर ने बढ़ाई दर्शकों की उत्सुकता

फिल्म के फर्स्ट लुक पोस्टर पहले ही जारी किए जा चुके हैं और उन्हें सोशल मीडिया पर अच्छा रिस्पॉन्स मिला है. पोस्टर्स में कलाकारों को बेहद मजेदार अंदाज में दिखाया गया है. अजय देवगन और रितेश देशमुख पहाड़ से लटकते हुए नजर आ रहे हैं, जबकि अरशद वारसी और संजीदा शेख जमीन में धंसे दिखाई दे रहे हैं. पोस्टर्स को देखकर यह अंदाजा लगाया जा रहा है कि फिल्म की कहानी समुद्र और तटीय इलाकों के आसपास घूम सकती है. हालांकि मेकर्स की ओर से कहानी को लेकर अभी ज्यादा जानकारी साझा नहीं की गई है.

ट्रेलर की लंबाई भी बनी चर्चा का विषय

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, फिल्म का ट्रेलर करीब 3 मिनट 30 सेकंड लंबा होगा. माना जा रहा है कि ट्रेलर में फिल्म की कॉमेडी, एडवेंचर और स्टारकास्ट की झलक देखने को मिलेगी. इसी वजह से दर्शक इसके रिलीज होने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं.

अजय देवगन के पास हैं कई बड़े प्रोजेक्ट

अजय देवगन लगातार बड़े प्रोजेक्ट्स का हिस्सा बने हुए हैं. साल 2025 में वह 'रेड 2', 'सन ऑफ सरदार 2' और 'दे दे प्यार दे 2' जैसी फिल्मों में नजर आए थे. आने वाले समय में 'धमाल 4' के अलावा वह 'रेंजर' नाम की एक्शन-एडवेंचर फिल्म में भी दिखाई देंगे. इसके साथ ही 'गोलमाल' फ्रेंचाइजी के नए पार्ट को लेकर भी चर्चाएं तेज हैं. खबरों की मानें तो इस बार अक्षय कुमार भी फिल्म का हिस्सा बन सकते हैं, जिससे दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ गई है.

ये भी पढ़ें: चार साल रिलेशनशिप, शादी और फिर मारपीट... कौन हैं सपना चौधरी के पति वीर साहू? एक्ट्रेस ने लगाए गंभीर आरोप