Goa Zilla Panchayat Election Results: महाराष्ट्र और अरुणाचल प्रदेश के स्थानीय निकाय चुनावों में शानदार प्रदर्शन के बाद अब गोवा में भी भारतीय जनता पार्टी की जीत का सिलसिला जारी नजर आ रहा है. राज्य के जिला पंचायत चुनावों में बीजेपी सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है और उसने स्पष्ट बहुमत के साथ अपनी राजनीतिक ताकत साबित कर दी है.
राज्य चुनाव आयोग की ओर से देर शाम सभी 50 सीटों के नतीजे घोषित कर दिए गए, जिनमें बीजेपी ने अकेले 30 सीटों पर जीत दर्ज की. कांग्रेस को इस चुनाव में बड़ा झटका लगा और वह सिर्फ 8 सीटों तक सिमट गई. वहीं 5 सीटों पर निर्दलीय उम्मीदवारों ने जीत हासिल की.
Goa stands with good governance.
— Narendra Modi (@narendramodi) December 22, 2025
Goa stands with progressive politics.
I thank my sisters and brothers of Goa for blessing the BJP–MGP (NDA) family with strong support in the Zilla Panchayat elections. This will add more vigour to our efforts for Goa’s growth. We are committed… https://t.co/rRI3vidqNc
अन्य दलों का प्रदर्शन
इन चुनावों में क्षेत्रीय दलों का प्रदर्शन भी मिला-जुला रहा. महाराष्ट्रवादी गोमांतक पार्टी (MGP) और रिवोल्यूशनरी गोअन पार्टी (RGP) को दो-दो सीटों पर जीत मिली, जबकि गोवा फॉरवर्ड पार्टी (GFP) के खाते में एक सीट आई. आम आदमी पार्टी, जिसने गोवा के आगामी विधानसभा चुनावों में पूरी ताकत से उतरने का ऐलान किया है, उसे जिला पंचायत चुनावों में दो सीटों से संतोष करना पड़ा.
नाइट क्लब अग्निकांड के बाद चुनाव पर थी खास नजर
इन चुनावों पर सभी की नजरें इसलिए भी टिकी थीं क्योंकि हाल ही में गोवा के एक नाइट क्लब में हुए बड़े अग्निकांड के बाद राज्य का माहौल संवेदनशील बना हुआ था. इसके बावजूद बीजेपी को क्रिसमस और न्यू ईयर से पहले यह बड़ी चुनावी सफलता मिली, जिसे पार्टी के लिए मजबूत राजनीतिक संदेश के तौर पर देखा जा रहा है. मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत के नेतृत्व में बीजेपी ने 50 में से 30 सीटें जीतकर यह साफ कर दिया है कि राज्य की जमीनी राजनीति में पार्टी की पकड़ अब भी मजबूत बनी हुई है.
प्रमोद सावंत का बयान
चुनाव नतीजों के बाद मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर प्रतिक्रिया देते हुए लिखा कि बीजेपी गोवा की नंबर-1 पार्टी बनकर उभरी है. उन्होंने गोवा की जनता का आभार जताया और कहा कि लोगों ने एक बार फिर बीजेपी पर भरोसा जताया है. सावंत ने इस जीत का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व को भी दिया और कहा कि यह सफलता केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों पर जनता की मुहर है.
50 सीटों के लिए कड़ा मुकाबला
गोवा की 50 जिला पंचायत सीटों के लिए इस बार मुकाबला बेहद दिलचस्प रहा. अलग-अलग राजनीतिक दलों और निर्दलीय उम्मीदवारों को मिलाकर 200 से ज्यादा उम्मीदवार मैदान में उतरे थे. चुनाव में बीजेपी, कांग्रेस, आम आदमी पार्टी, गोवा फॉरवर्ड पार्टी और महाराष्ट्रवादी गोमांतक पार्टी ने अपने प्रत्याशी उतारे थे. इन चुनावों में 70.81 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया, जो यह दिखाता है कि स्थानीय मुद्दों को लेकर मतदाताओं में खासा उत्साह था.
2027 विधानसभा चुनावों से पहले अहम संकेत
राजनीतिक विश्लेषकों की नजर में जिला पंचायत चुनावों के नतीजों को 2027 के गोवा विधानसभा चुनावों का सेमीफाइनल माना जा रहा है. यही वजह है कि सभी प्रमुख दलों ने इन चुनावों को गंभीरता से लिया.
चुनाव प्रचार के दौरान आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल भी गोवा पहुंचे थे और पार्टी ने साफ किया है कि 2027 में वह पूरे दमखम के साथ मैदान में उतरेगी. हालांकि मौजूदा नतीजे यह संकेत दे रहे हैं कि बीजेपी ने अभी से बढ़त बना ली है.
यह भी पढ़ें- पंजाब के पूर्व IPS अधिकारी अमर सिंह चहल ने खुद को मारी गोली, 8 करोड़ का हुआ था ऑनलाइन फ्रॉड