पाकिस्तानी आर्मी के जोकर कहां गए? चिनाब बांध देखकर अफगानों ने उड़ाया मजाक, याद दिलाईं पुरानी धमकियां

भारत और पाकिस्तान के बीच सिंधु जल संधि (IWT) को लेकर विवाद एक बार फिर चर्चा में है. इस बार अफगानिस्तान के सोशल मीडिया यूजर्स ने पाकिस्तान की सेना पर तंज कसा है.

Afghans mock Pakistan after seeing India Chenab dam Indus Waters Treaty
Image Source: Social Media

भारत और पाकिस्तान के बीच सिंधु जल संधि (IWT) को लेकर विवाद एक बार फिर चर्चा में है. इस बार अफगानिस्तान के सोशल मीडिया यूजर्स ने पाकिस्तान की सेना पर तंज कसा है. दरअसल, पाकिस्तान लंबे समय से भारत को पानी रोकने पर युद्ध की धमकी देता रहा है. अब चिनाब नदी पर भारत के बांध निर्माण को लेकर अफगान यूजर्स पाकिस्तानी सेना की इन्हीं धमकियों का मजाक उड़ा रहे हैं.

अफगान सोशल मीडिया यूजर बुरहानुद्दीन ने चिनाब नदी पर बन रहे भारत के किरू बांध का वीडियो शेयर किया है. इसके साथ ही उसने पाकिस्तान के सेना प्रमुख असीम मुनीर पर निशाना साधा. उसने तंज कसते हुए पूछा कि जब भारत पाकिस्तान की ओर जाने वाले पानी को रोकने की तैयारी कर रहा है तो पाकिस्तानी सेना कहां है?

चिनाब बांध को लेकर पाकिस्तान की चिंता पर तंज

बुरहानुद्दीन ने अपने पोस्ट में पाकिस्तान की पुरानी धमकियों का जिक्र किया. उसने लिखा कि भारत ने पानी की सप्लाई रोकी तो पाकिस्तान उसकी सांसें रोक देगा और नदियों में खून बहा देगा. ऐसी बातें करने वाले पाकिस्तानी सेना के लोग अब कहां हैं?

उसने भारत के किरू हाइड्रो प्रोजेक्ट का वीडियो शेयर करते हुए दावा किया कि इस परियोजना से चिनाब नदी के पानी के बहाव को नियंत्रित किया जा सकेगा. पोस्ट के बाद सोशल मीडिया पर कई लोगों ने पाकिस्तान की धमकियों और उसकी मौजूदा स्थिति को लेकर सवाल उठाए.

क्या है चिनाब नदी का किरू प्रोजेक्ट?

भारत जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में चिनाब नदी पर 624 मेगावाट की किरू जलविद्युत परियोजना बना रहा है. इस प्रोजेक्ट का निर्माण करीब 80 फीसदी पूरा हो चुका है. इसके इस साल के आखिर तक शुरू होने की उम्मीद है.

इस परियोजना का मकसद बिजली पैदा करना है. इसके तहत नदी के पानी का इस्तेमाल बिजली बनाने के लिए किया जाएगा. पाकिस्तान को आशंका है कि भारत में ऐसे प्रोजेक्ट बनने से उसकी ओर जाने वाले पानी के बहाव पर असर पड़ सकता है. इसी वजह से चिनाब नदी पर बन रहे बांध को लेकर पाकिस्तान में चिंता जताई जा रही है.

भारत ने क्यों रोकी सिंधु जल संधि?

भारत और पाकिस्तान के बीच 1960 में सिंधु जल संधि हुई थी. इसके तहत सिंधु नदी प्रणाली की छह नदियों के पानी का बंटवारा दोनों देशों के बीच किया गया था.

अप्रैल 2025 में जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ कई कड़े कदम उठाए. इनमें सिंधु जल संधि को स्थगित करने का फैसला भी शामिल था. भारत ने हमले के लिए पाकिस्तान से जुड़े आतंकियों को जिम्मेदार ठहराया था.

इसके बाद पाकिस्तान ने अंतरराष्ट्रीय मंचों पर इस मुद्दे को उठाया और भारत से संधि बहाल करने की मांग की. पाकिस्तानी सरकार ने यहां तक कहा कि अगर भारत उसके हिस्से का पानी रोकता है तो इसे युद्ध की कार्रवाई माना जाएगा.

बांधों को लेकर भारत को धमकी देता रहा है पाकिस्तान

पाकिस्तान लगातार आरोप लगाता रहा है कि भारत चिनाब और दूसरी नदियों पर बांध और सुरंग बनाकर उसकी ओर जाने वाले पानी को रोकने की कोशिश कर रहा है. उसने किशनगंगा और रातले जलविद्युत परियोजनाओं पर भी आपत्ति जताई है.

पाकिस्तान कई बार इन परियोजनाओं को लेकर भारत को युद्ध की धमकी दे चुका है. हालांकि, भारत का रुख साफ है कि वह सिंधु जल संधि को फिलहाल बहाल नहीं करेगा और अपनी जलविद्युत परियोजनाओं पर काम जारी रखेगा.

इसी बीच चिनाब नदी पर किरू प्रोजेक्ट को लेकर अफगान सोशल मीडिया यूजर्स की टिप्पणी ने इस विवाद को एक बार फिर चर्चा में ला दिया है. पाकिस्तान की सेना को लेकर किए जा रहे तंज के जरिए अफगानी यूजर्स उसकी पुरानी धमकियों पर सवाल उठा रहे हैं.