AC Blast Reason: देशभर में इस समय गर्मी अपने चरम पर है. दिल्ली-एनसीआर समेत कई राज्यों में तापमान लगातार नए रिकॉर्ड बना रहा है. ऐसे मौसम में एयर कंडीशनर अब सिर्फ आराम का साधन नहीं, बल्कि लोगों की जरूरत बन चुका है. लेकिन दूसरी तरफ एसी ब्लास्ट और आग लगने की घटनाएं लोगों की चिंता भी बढ़ा रही हैं. हाल के दिनों में कई ऐसे मामले सामने आए हैं, जहां एसी में धमाके के बाद घरों में भीषण आग लग गई और लोगों की जान तक चली गई.
दिल्ली के हौज खास इलाके में हाल ही में हुई एक दर्दनाक घटना ने लोगों को झकझोर दिया. एक घर में एसी की इनडोर यूनिट में ब्लास्ट होने के बाद आग लग गई, जिसमें रिटायर्ड आईएएस अधिकारी धनेंद्र कुमार की मौत हो गई. इससे पहले दिल्ली के विवेक विहार इलाके में भी एसी में आग लगने से बड़ा हादसा हो चुका है. लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने यह सवाल खड़ा कर दिया है कि आखिर गर्मियों में एसी फटने की घटनाएं क्यों बढ़ जाती हैं.
लगातार AC चलाना बन सकता है खतरा
गर्मियों में लोग राहत पाने के लिए घंटों तक लगातार एसी चलाते रहते हैं. कई बार मशीन बिना रुके पूरी रात चलती रहती है. एक्सपर्ट्स के मुताबिक, लंबे समय तक लगातार चलने से एसी के कंप्रेसर पर अतिरिक्त दबाव पड़ता है. इससे मशीन ओवरहीट होने लगती है और अंदर का तापमान तेजी से बढ़ जाता है.
जब कंप्रेसर जरूरत से ज्यादा गर्म हो जाता है, तो उसके इलेक्ट्रिकल पार्ट्स पर असर पड़ने लगता है. यही स्थिति कई बार स्पार्क, शॉर्ट सर्किट या ब्लास्ट का कारण बन जाती है. विशेषज्ञ सलाह देते हैं कि एसी को बीच-बीच में कुछ समय के लिए बंद भी करना चाहिए, ताकि मशीन को ठंडा होने का मौका मिल सके.
खराब वायरिंग और हाई वोल्टेज भी बड़ी वजह
एसी ब्लास्ट के पीछे बिजली से जुड़ी समस्याएं भी एक अहम कारण मानी जाती हैं. पुराने घरों में अक्सर वायरिंग कमजोर या ढीली हो जाती है. जब हाई पावर पर एसी चलता है, तो ऐसी वायरिंग ज्यादा लोड नहीं झेल पाती और शॉर्ट सर्किट का खतरा बढ़ जाता है.
इसके अलावा बिजली में अचानक उतार-चढ़ाव भी एसी के लिए खतरनाक साबित हो सकता है. कई बार हाई वोल्टेज आने पर कंप्रेसर और अन्य इलेक्ट्रिकल पार्ट्स खराब हो जाते हैं. यदि समय रहते ध्यान न दिया जाए तो यही खराबी आग लगने का कारण बन सकती है. इसलिए टेक्नीशियन हमेशा एसी के साथ अच्छे क्वालिटी का वोल्टेज स्टेबलाइजर लगाने की सलाह देते हैं.
गंदे फिल्टर और कॉइल बढ़ाते हैं मशीन पर दबाव
एसी की नियमित सफाई न होना भी हादसों की एक बड़ी वजह बन सकता है. समय के साथ फिल्टर और कॉइल में धूल-मिट्टी जमा होने लगती है, जिससे हवा का फ्लो प्रभावित होता है. जब मशीन को सही तरीके से हवा नहीं मिलती, तो उसे ज्यादा मेहनत करनी पड़ती है.
इस अतिरिक्त दबाव के कारण एसी तेजी से गर्म होने लगता है. कई बार मशीन के अंदर का तापमान इतना बढ़ जाता है कि इलेक्ट्रिकल पार्ट्स खराब होने लगते हैं. यही वजह है कि एक्सपर्ट्स समय-समय पर फिल्टर और कॉइल की सफाई कराने की सलाह देते हैं.
गैस लीकेज भी बन सकता है आग का कारण
एसी में इस्तेमाल होने वाली रेफ्रिजरेंट गैस मशीन को ठंडक देने का काम करती है. लेकिन अगर किसी वजह से गैस लीकेज हो जाए, तो यह बेहद खतरनाक साबित हो सकता है. कुछ परिस्थितियों में गैस किसी स्पार्क या आग के संपर्क में आकर विस्फोट जैसी स्थिति पैदा कर सकती है.
कई लोग छोटी-मोटी खराबियों को नजरअंदाज करते रहते हैं, जबकि गैस लीकेज जैसी समस्या को कभी हल्के में नहीं लेना चाहिए. यदि एसी से अजीब गंध आए, कूलिंग कम हो जाए या मशीन से असामान्य आवाजें आने लगें, तो तुरंत टेक्नीशियन से जांच करवानी चाहिए.
सर्विसिंग में लापरवाही पड़ सकती है भारी
कई घरों में एसी सालों तक बिना सर्विसिंग के चलता रहता है. लोग सिर्फ तब मैकेनिक बुलाते हैं, जब मशीन पूरी तरह खराब हो जाती है. लेकिन समय के साथ एसी के अंदर के पार्ट्स कमजोर होने लगते हैं और मशीन पर अतिरिक्त दबाव पड़ता है.
टेक्नीशियन का कहना है कि हर तीन से चार महीने में एसी की सर्विसिंग करवाना बेहद जरूरी है. नियमित जांच से छोटी खराबियों का समय रहते पता चल जाता है और बड़े हादसे की संभावना काफी हद तक कम हो जाती है.
AC इस्तेमाल करते समय इन बातों का रखें ध्यान
गर्मी के मौसम में एसी का इस्तेमाल करते समय सावधानी बरतना बेहद जरूरी है. कोशिश करें कि एसी को लगातार कई घंटों तक बिना रुके न चलाएं. घर की वायरिंग की समय-समय पर जांच करवाएं और ढीले कनेक्शन को नजरअंदाज न करें.
इसके अलावा सस्ते या लोकल पार्ट्स इस्तेमाल करने से बचना चाहिए, क्योंकि ये जल्दी खराब हो सकते हैं. नियमित रूप से फिल्टर और कॉइल की सफाई करवाना भी जरूरी है. साथ ही एसी के साथ वोल्टेज स्टेबलाइजर का इस्तेमाल करना मशीन की सुरक्षा के लिए बेहद अहम माना जाता है.
ये भी पढ़ें: कम बजट में चाहिए भीषण गर्मी से राहत? 5 हजार से कम में मिल रहे हैं ये शानदार कूलर, देखें लिस्ट