सिराज की जर्सी पहनकर बैटिंग करने आए अभिषेक शर्मा, फिर भी नहीं खुला खाता, शर्मनाक रिकॉर्ड में एंट्री

आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 का 36वां मुकाबला भारत और नीदरलैंड्स के बीच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला गया.

Abhishek Sharma came to bat wearing Siraj jersey out on duck
Image Source: Social Media

Abhishek Sharma: आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 का 36वां मुकाबला भारत और नीदरलैंड्स के बीच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला गया. भारत ने यह मैच 17 रन से जीत लिया. इस जीत के साथ टीम इंडिया बिना कोई मुकाबला हारे सुपर 8 में पहुंच गई है. हालांकि इस मुकाबले में भारतीय ओपनर अभिषेक शर्मा का बल्ला एक बार फिर खामोश रहा.

लगातार तीसरे मैच में अभिषेक बिना खाता खोले आउट हो गए. उन्हें पहले ही ओवर में आर्यन दत्त ने क्लीन बोल्ड कर दिया. खास बात यह रही कि जब वह बल्लेबाजी करने उतरे तो उन्होंने अपनी नहीं, बल्कि मोहम्मद सिराज की जर्सी पहन रखी थी.

मोहम्मद सिराज की जर्सी भी नहीं बदल पाई किस्मत

विस्फोटक अंदाज में बल्लेबाजी के लिए पहचाने जाने वाले अभिषेक शर्मा इस बार सिराज की जर्सी पहनकर मैदान में उतरे थे. लेकिन जर्सी बदलने के बावजूद उनकी किस्मत नहीं बदली और वह एक बार फिर डक पर पवेलियन लौट गए. इस समय उनके लिए एक रन बनाना भी मुश्किल हो गया है. पहले वह अक्सर अपनी पारी की शुरुआत चौके या छक्के से करते थे, लेकिन अब लगातार तीन मैचों से खाता नहीं खोल पाए हैं.

बता दें कि मोहम्मद सिराज को साल 2024 में तेलंगाना में डीएसपी नियुक्त किया गया था. इसके बाद से कई लोग उन्हें ‘डीएसपी मोहम्मद सिराज’ भी कहते हैं, लेकिन उनकी जर्सी भी अभिषेक को रन नहीं दिला सकी.

ऐसा रहा भारत और नीदरलैंड्स के बीच मुकाबला

मैच में भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया. टीम इंडिया ने 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 193 रन बनाए. शिवम दुबे ने 66 रन की तेज पारी खेली. उनके अलावा सूर्यकुमार यादव ने 34, तिलक वर्मा ने 31 और हार्दिक पंड्या ने 30 रन का योगदान दिया. नीदरलैंड्स की ओर से लोगन वैन बीक ने सबसे ज्यादा तीन विकेट लिए.

194 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए नीदरलैंड्स की टीम 20 ओवर में 7 विकेट पर 176 रन ही बना सकी. उनकी ओर से बास डे लीड ने सबसे ज्यादा 33 रन बनाए, लेकिन कोई भी बल्लेबाज अर्धशतक नहीं लगा सका. भारत के लिए वरुण चक्रवर्ती सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने तीन विकेट लिए, जबकि शिवम दुबे को दो विकेट मिले.

ये भी पढ़ें- पीएम मोदी आज करेंगे AI समिट का उद्घाटन, आम पब्लिक की एंट्री नहीं, कई देशों के टेक दिग्गज होंगे शामिल