बहुजन समाज पार्टी (बसपा) प्रमुख मायावती के भतीजे आकाश आनंद ने उनसे माफी मांगते हुए पार्टी में दोबारा काम करने का मौका देने की अपील की है. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (ट्विटर) पर एक पोस्ट के ज़रिए अपनी बात रखी.
‘मायावती मेरी आदर्श और राजनीतिक गुरु हैं’
आकाश आनंद ने अपने पोस्ट में लिखा, “मैं आदरणीय बहनजी (मायावती) को ही अपना एकमात्र राजनीतिक गुरु और आदर्श मानता हूं. मैं भविष्य में अपने किसी भी राजनीतिक फैसले में किसी रिश्तेदार या सलाहकार की राय नहीं लूंगा.” उन्होंने कहा कि वह अपने ससुराल पक्ष या किसी भी नातेदार को पार्टी के काम में बाधा नहीं बनने देंगे. आकाश आनंद ने कुछ दिन पहले किए गए अपने एक ट्वीट पर भी माफी मांगी है, जिसकी वजह से उन्हें पार्टी से निकाला गया था. उन्होंने लिखा कि आगे से इस तरह की गलती नहीं होगी और वो बसपा के हर नियम का पालन करेंगे.
पार्टी के वरिष्ठों का करेंगे सम्मान
उन्होंने यह भी कहा कि वे पार्टी के बुजुर्ग और अनुभवी नेताओं का सम्मान करेंगे और उनके अनुभव से सीख लेंगे. उन्होंने मायावती से विनती की कि “मेरी गलतियों को माफ कर दें और मुझे पार्टी में दोबारा काम करने का मौका दें. मैं हमेशा आभारी रहूंगा और अब कोई ऐसी गलती नहीं करूंगा, जिससे पार्टी या बहनजी की इज्जत को ठेस पहुंचे.”
क्यों हटाया गया था आकाश को?
बता दें कि मायावती ने पिछले महीने आकाश आनंद को पार्टी से बाहर कर दिया था. इसके पीछे कारण था आकाश के ससुर अशोक सिद्धार्थ का पार्टी में बढ़ता प्रभाव. मायावती ने खुद सोशल मीडिया पर कहा था कि यह फैसला पार्टी और मूवमेंट के हित में लिया गया है. अब देखना यह होगा कि मायावती अपने भतीजे की इस माफी को स्वीकार करती हैं या नहीं.