आधार, पैन से लेकर LPG और फ्यूल तक... 1 जनवरी से नियम में क्या-क्या होंगे बदलाव, जेब पर क्या होगा असर?

नया साल 2026 आने में अब कुछ ही दिन बचे हैं. 1 जनवरी से न सिर्फ कैलेंडर बदलेगा, बल्कि कई अहम नियमों में भी बदलाव लागू हो जाएंगे.

Aadhaar PAN LPG fuel changes in the rules from January 1st
Image Source: Social Media

नया साल 2026 आने में अब कुछ ही दिन बचे हैं. 1 जनवरी से न सिर्फ कैलेंडर बदलेगा, बल्कि कई अहम नियमों में भी बदलाव लागू हो जाएंगे. इन बदलावों का असर सीधे आम लोगों की जेब, रोजमर्रा की जरूरतों और भविष्य की प्लानिंग पर पड़ेगा. बैंकिंग, सरकारी सेवाओं, गैस सिलेंडर, गाड़ियों की कीमतों और सैलरी से जुड़े नियमों में नए साल के साथ कई बड़े अपडेट देखने को मिल सकते हैं. ऐसे में जरूरी है कि समय रहते इन बदलावों की जानकारी हो.

LPG और ईंधन की कीमतों पर नजर

हर महीने की तरह 1 जनवरी को भी घरेलू और कमर्शियल LPG गैस सिलेंडर की कीमतों की समीक्षा की जाएगी. दिसंबर में कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम में 10 रुपये की कटौती की गई थी, जिसके बाद उम्मीद की जा रही है कि नए साल की शुरुआत में घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में भी राहत मिल सकती है. अगर ऐसा होता है तो रसोई का मासिक बजट कुछ हद तक आसान हो सकता है.

इसके अलावा एविएशन टर्बाइन फ्यूल (ATF) की कीमतों में भी बदलाव संभव है. इसका सीधा असर हवाई यात्रा पर पड़ेगा. ईंधन महंगा होने पर फ्लाइट टिकट के दाम बढ़ सकते हैं, जबकि कीमतें घटने पर हवाई सफर सस्ता हो सकता है.

जनवरी से महंगी हो सकती हैं कारें

अगर 2026 में नई कार खरीदने का प्लान है तो जेब पर ज्यादा भार पड़ सकता है. जनवरी से कई ऑटोमोबाइल कंपनियां अपनी गाड़ियों की कीमतों में बढ़ोतरी करने की तैयारी में हैं. Honda की कारें 1 से 2 फीसदी तक महंगी हो सकती हैं. Nissan करीब 3 फीसदी, MG लगभग 2 फीसदी तक दाम बढ़ा सकती है. BYD की Sealion 7 के दाम भी नए साल में बढ़ने की संभावना है. वहीं, Mercedes-Benz ने करीब 2 फीसदी और BMW ने 3 फीसदी तक कीमतें बढ़ाने के संकेत दिए हैं.

सरकारी कर्मचारियों के लिए राहत की उम्मीद

1 जनवरी 2026 से 8वें वेतन आयोग के लागू होने की उम्मीद जताई जा रही है, क्योंकि 7वें वेतन आयोग की अवधि 31 दिसंबर को पूरी हो रही है. अगर नया वेतन आयोग लागू होता है तो केंद्र और राज्य सरकार के कर्मचारियों की सैलरी में बढ़ोतरी संभव है. इसके साथ ही महंगाई भत्ते (DA) में भी इजाफा हो सकता है.

वहीं कुछ राज्यों में पार्ट टाइम और दिहाड़ी मजदूरों की न्यूनतम मजदूरी बढ़ाने पर भी विचार किया जा रहा है, जिससे असंगठित क्षेत्र के कर्मचारियों को फायदा मिल सकता है.

आधार-पैन और बैंकिंग से जुड़े अहम बदलाव

पैन और आधार लिंक कराने की अंतिम तारीख 31 दिसंबर 2025 तय की गई है. अगर यह प्रक्रिया पूरी नहीं की गई तो 1 जनवरी 2026 से पैन कार्ड निष्क्रिय हो सकता है. इससे बैंकिंग लेनदेन, निवेश, शेयर बाजार और आयकर रिटर्न दाखिल करने में दिक्कत आ सकती है.

नए साल से नया ITR फॉर्म भी जारी होने की संभावना है, जिसमें पहले से भरी हुई बैंक और खर्च से जुड़ी जानकारियां हो सकती हैं.

इसके अलावा क्रेडिट स्कोर से जुड़े नियमों में भी बदलाव होगा. अब क्रेडिट स्कोर एजेंसियां हर हफ्ते डेटा अपडेट करेंगी, जबकि पहले यह प्रक्रिया 15 दिनों में होती थी. इसका मतलब है कि लोन, क्रेडिट कार्ड और EMI से जुड़ा असर अब ज्यादा जल्दी दिखाई देगा.

ये भी पढ़ें- यूपी में बढ़ती ठंड के बीच योगी सरकार का बड़ा फैसला, 1 जनवरी तक बंद रहेंगे 12वीं तक के सभी स्कूल