गुरुग्राम में पकड़े गए 8 इंटरनेशनल ड्रग तस्कर, इसमें 7 विदेशी नागरिक, 1 करोड़ की कोकीन और 42 मोबाइल बरामद

गुरुग्राम की सेक्टर-43 अपराध शाखा ने एक अंतरराष्ट्रीय ड्रग नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें सात विदेशी नागरिक शामिल हैं.

8 international drug smugglers arrested in Gurugram
Image Source: Social Media

रुग्राम में अंतरराष्ट्रीय ड्रग रैकेट का भंडाफोड़: आठ तस्कर गिरफ्तार, एक करोड़ रुपये की नशीली सामग्री जब्त


गुरुग्राम में पकड़े गए 8 इंटरनेशनल ड्रग तस्कर, इसमें 7 विदेशी नागरिक, 1 करोड़ की कोकीन और 42 मोबाइल बरामद


गुरुग्राम: हरियाणा पुलिस को नशीली दवाओं की तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हाथ लगी है। गुरुग्राम की सेक्टर-43 अपराध शाखा ने एक अंतरराष्ट्रीय ड्रग नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें सात विदेशी नागरिक शामिल हैं। पुलिस ने इस कार्रवाई के दौरान लगभग एक करोड़ रुपये मूल्य के नशीले पदार्थ, कई मोबाइल फोन, और नकदी जब्त की है।

सूचना के आधार पर शुरू हुई कार्रवाई

कार्रवाई की शुरुआत विश्वसनीय खुफिया सूचना से हुई थी। इंस्पेक्टर नरेंद्र कुमार की अगुआई में टीम ने सेक्टर-39 क्षेत्र से बिमल पहाड़ी (निवासी पोखरा, नेपाल) को गिरफ्तार किया, जिसके पास से 1.6 किलोग्राम सुल्फा और 116 ग्राम कोकीन बरामद हुई।

प्रारंभिक पूछताछ के दौरान बिमल ने पुलिस को अन्य साथियों के बारे में अहम जानकारी दी, जिससे एक बड़े रैकेट का खुलासा हुआ।

दिल्ली में छापेमारी, सात और गिरफ्तार

बिमल से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने दिल्ली में छापेमारी कर लाल कोठारी (मिजोरम) और छह नाइजीरियाई नागरिकों को गिरफ्तार किया। पकड़े गए विदेशी नागरिकों की पहचान इस प्रकार हुई:

  • उगोचुकमु जॉन उर्फ डेविड
  • ननजियोफोर पीटर
  • हेनरी ओनुचुकवु
  • ओजुकवा इफेन्या
  • फ्राइडे टोबियास
  • ओकोली रोमनस

इनके कब्जे से 788 ग्राम तैयार कोकीन, 2.34 किलोग्राम कच्चा कोकीन, तीन इलेक्ट्रॉनिक स्केल, 42 मोबाइल फोन, पैकेजिंग सामग्री, और 7,500 रुपये नकद बरामद किए गए।

बिना वैध दस्तावेजों के रह रहे थे विदेशी आरोपी

जांच में यह भी सामने आया कि ओकोली रोमनस को छोड़कर कोई भी विदेशी आरोपी भारत में रहने के लिए आवश्यक वैध वीजा या दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इस कारण आरोपियों के खिलाफ विदेशी नागरिक अधिनियम (Foreigners Act) की धाराएं भी जोड़ी गईं हैं।

पहले से दर्ज हैं NDPS के मामले

पुलिस रिकॉर्ड से यह भी स्पष्ट हुआ कि उगोचुकमु जॉन पर दिल्ली और हेनरी ओनुचुकवु पर हिमाचल प्रदेश में पहले से ही NDPS एक्ट के तहत मामले दर्ज हैं, जो दर्शाता है कि ये आरोपी लंबे समय से मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त थे।

आगे की जांच जारी

पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस रैकेट से और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं। साथ ही, नेटवर्क की फंडिंग, सप्लाई चैन और अंतरराष्ट्रीय संपर्कों की गहन जांच की जा रही है। गुरुग्राम पुलिस का कहना है कि यह कार्रवाई राज्य और देशभर में नशीली दवाओं की आपूर्ति रोकने की दिशा में एक बड़ा कदम है।

ये भी पढ़ें- भारत ने जिन आतंकी ठिकानों को किया था तबाह, उसकी मरम्मत करा रहे आसिम मुनीर, जारी किया 40 करोड़ का फंड