केरलम में ED की टीम पर हमला करने वालों पर एक्शन, 8 लोगों को किया अरेस्ट, खूब मचा था बवाल

केरलम की राजनीति में उस वक्त बड़ा बवाल खड़ा हो गया जब प्रवर्तन निदेशालय (ED) की टीम पूर्व मुख्यमंत्री पी. विजयन के घर जांच के लिए पहुंची. छापेमारी के दौरान देखते ही देखते माहौल तनावपूर्ण हो गया और वामपंथी दलों के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौके पर जमा हो गए.

8 accused arrested for attacking ED team in Keralam Pinarayi Vijayan
Image Source: ANI

केरलम की राजनीति में उस वक्त बड़ा बवाल खड़ा हो गया जब प्रवर्तन निदेशालय (ED) की टीम पूर्व मुख्यमंत्री पी. विजयन के घर जांच के लिए पहुंची. छापेमारी के दौरान देखते ही देखते माहौल तनावपूर्ण हो गया और वामपंथी दलों के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौके पर जमा हो गए. विरोध इतना बढ़ गया कि ED अधिकारियों की गाड़ियों पर हमला कर दिया गया और जमकर हंगामा हुआ. अब इस मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 8 लोगों को गिरफ्तार किया है.

ED अधिकारियों पर पथराव, गाड़ियां भी तोड़ी गईं

जानकारी के मुताबिक, जब ED की टीम पिनाराई विजयन के घर से बाहर निकल रही थी, तभी भीड़ ने अचानक उन पर हमला बोल दिया. भारी पुलिस बल मौजूद होने के बावजूद हालात बेकाबू हो गए और लेफ्ट फ्रंट के कार्यकर्ता पुलिस से भिड़ गए. इस दौरान कई पुलिसकर्मी घायल हो गए. प्रदर्शनकारियों ने ED अधिकारियों की गाड़ियों पर बड़े-बड़े पत्थर फेंके और अफसरों को बाहर निकालने की कोशिश भी की. काफी देर तक इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा. बाद में पिनाराई विजयन खुद घर से बाहर आए और समर्थकों को शांत कराया, जिसके बाद स्थिति नियंत्रण में आई.

CMRL घोटाले की जांच में पहुंची थी ED टीम

बताया जा रहा है कि ED की टीम कोचीन मिनरल्स एंड रूटाइल लिमिटेड (CMRL) घोटाले की जांच कर रही है. इस मामले में पूर्व मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन की बेटी का नाम भी सामने आया है. चूंकि उनकी बेटी विजयन के घर में ही रहती है, इसलिए जांच एजेंसी वहां पहुंची थी. जैसे ही रेड की खबर फैली, बड़ी संख्या में वामपंथी कार्यकर्ता विजयन के घर के बाहर जमा हो गए और विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया. धीरे-धीरे विरोध हिंसक रूप लेता चला गया.

इस घटना के बाद केरल की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप का दौर भी शुरू हो गया है. पूर्व मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा कि अब शायद उन्हें संतुष्टि मिल गई होगी. वहीं आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कांग्रेस और बीजेपी पर मिलीभगत का आरोप लगाया. केजरीवाल ने कहा कि कांग्रेस की शिकायत के तुरंत बाद ED की कार्रवाई होना दोनों दलों की सांठगांठ को दर्शाता है. हालांकि कांग्रेस नेता रमेश चेन्नीथला ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि राज्य सरकार को ED की कार्रवाई की कोई पूर्व जानकारी नहीं थी और एजेंसी ने सुरक्षा के लिए राज्य पुलिस से कोई मदद भी नहीं मांगी थी.

ये भी पढ़ें: कर्नाटक के सीएम पद से सिद्धारमैया का इस्तीफा, बोले - आलाकमान ने जो कहा, मैंने वही किया...