CJKS Talent Cup 2026: बांग्लादेश क्रिकेट इस समय मुश्किल दौर से गुजर रहा है और लगातार विवादों में बना हुआ है. टी20 वर्ल्ड कप से बाहर होने के बाद अब एक और बड़ा मामला सामने आया है, जिसने पूरे क्रिकेट जगत को चौंका दिया है. हाल ही में खेले गए सीजेकेएस टैलेंट कप 2026 के दौरान बड़ा घोटाला सामने आया. इस टूर्नामेंट में 7 खिलाड़ियों को मैच फिक्सिंग का दोषी पाया गया है.
जांच में सामने आया कि ये खिलाड़ी जानबूझकर अजीब तरीके से आउट हो रहे थे, जिससे शक पैदा हुआ. जिन खिलाड़ियों पर कार्रवाई हुई है, उनमें शाकिब हुसैन, ओबैदुल आलम, उमर फारुक, तिन धर, माहिर अनवर, मोहम्मद इकबाल और नजमुल इस्लाम शामिल हैं. सभी खिलाड़ियों को दोषी पाए जाने के बाद बैन कर दिया गया है.
कोच पर भी गिरी गाज
सिर्फ खिलाड़ी ही नहीं, बल्कि टीम के कोच अमीनुल हक पर भी सख्त कार्रवाई की गई है. उन पर अनुशासनात्मक कदम उठाते हुए उन्हें क्रिकेट से जुड़ी सभी गतिविधियों से बैन कर दिया गया है.
पहले भी सामने आए थे आरोप
इससे पहले भी बांग्लादेश क्रिकेट में फिक्सिंग को लेकर विवाद सामने आ चुके हैं. रिपोर्ट्स के मुताबिक, बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड से जुड़े कुछ अधिकारियों के नाम भी इस मामले में चर्चा में आए थे.
बताया गया कि एक पत्रकार की रिपोर्ट में एक अधिकारी को संदिग्ध लोगों के साथ बैठक करते हुए देखा गया था. इसके अलावा एक फ्रेंचाइजी से जुड़े लोगों पर भी मैच फिक्सिंग में शामिल होने के आरोप लगे थे. इन घटनाओं ने बोर्ड की छवि को काफी नुकसान पहुंचाया है.
बोर्ड में बड़ा बदलाव
इन सब विवादों के बीच बोर्ड में भी बड़ा बदलाव किया गया है. सरकार ने पूर्व कप्तान और बोर्ड अध्यक्ष अमीनुल इस्लाम बुलबुल को उनके पद से हटा दिया है. अब बोर्ड की जिम्मेदारी तमीम इक़बाल को सौंपी गई है. उन्हें नया अध्यक्ष बनाया गया है. माना जा रहा है कि यह फैसला हाल के विवादों और टीम के खराब प्रदर्शन के कारण लिया गया है.
क्या है आगे का रास्ता?
बांग्लादेश क्रिकेट इस समय बड़े बदलाव के दौर से गुजर रहा है. एक तरफ खिलाड़ियों पर बैन लगा है, तो दूसरी तरफ बोर्ड में भी बदलाव हो रहे हैं. ऐसे में अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या टीम और बोर्ड मिलकर अपनी छवि सुधार पाएंगे.
ये भी पढ़ें- रेल लाइन से लेकर पावर प्लांट्स तक... ईरान के अलग-अलग हिस्सों में भीषण बमबारी, कई शहरों में ब्लैकआउट