Delhi Lakshmi Yojana: दिल्ली सरकार की दिल्ली लक्ष्मी योजना के लिए ऑनलाइन आवेदन शुरू हो चुके हैं. सरकार ने इसके लिए आधिकारिक पोर्टल लॉन्च कर दिया है. इस योजना के तहत पात्र महिलाओं को हर महीने 2500 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी. इसमें 1500 रुपये महिला के नाम से खोले गए आरडी खाते में जमा होंगे, जबकि 1000 रुपये सीधे बैंक खाते में भेजे जाएंगे.
सरकारी आंकड़ों के अनुसार, पोर्टल शुरू होने के बाद अब तक करीब 59,144 ऑनलाइन आवेदन मिल चुके हैं. इनमें से 3,158 महिलाओं के दस्तावेजों की जांच पूरी हो चुकी है और उन्हें योजना के लिए पात्र माना गया है.
ऑनलाइन के साथ कैंप में भी कर सकते हैं आवेदन
महिलाएं इस योजना के लिए घर बैठे ऑनलाइन आवेदन कर सकती हैं. इसके अलावा महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से लगाए जा रहे विशेष कैंप में जाकर भी आवेदन किया जा सकता है. कैंप में अधिकारियों की मदद से दस्तावेजों की जांच की जाती है और आवेदन ऑनलाइन अपलोड किया जाता है. एक आवेदन पूरा करने में करीब 25 से 30 मिनट का समय लगता है.
कौन उठा सकता है योजना का लाभ?
इस योजना का लाभ ऐसे परिवार की सबसे बड़ी महिला को मिलेगा जिसकी उम्र 21 से 60 साल के बीच हो. परिवार की सालाना आय 2.5 लाख रुपये से कम होनी चाहिए. इसके अलावा महिला, उसके पति या माता-पिता में से कोई कम से कम 10 साल से दिल्ली का निवासी होना चाहिए.
अगर किसी महिला के तीन से ज्यादा बच्चे हैं तो वह इस योजना के लिए आवेदन नहीं कर सकेगी.
आवेदन के लिए कौन-कौन से दस्तावेज जरूरी हैं?
योजना के लिए आवेदन करते समय आधार कार्ड, वोटर आईडी कार्ड, पासपोर्ट साइज फोटो, हस्ताक्षर, निवास प्रमाण पत्र और आयु प्रमाण पत्र देना जरूरी होगा. सभी दस्तावेज तय प्रारूप में अपलोड करने होंगे.
ऐसे करें ऑनलाइन आवेदन
दिल्ली लक्ष्मी योजना के आधिकारिक पोर्टल पर जाकर सबसे पहले आधार से जुड़े मोबाइल नंबर की मदद से रजिस्ट्रेशन करें. इसके बाद लॉग इन करके अपनी पात्रता की जांच पूरी करें. फिर नाम, पता और परिवार से जुड़ी जानकारी भरें.
इसके बाद डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के लिए बैंक खाते की जानकारी दर्ज करें और सभी जरूरी दस्तावेज अपलोड करें. आवेदन जमा करने से पहले पूरी जानकारी एक बार अच्छी तरह जांच लें. फॉर्म सबमिट होने के बाद मिलने वाली रसीद डाउनलोड करके अपने पास सुरक्षित रख लें.
ये भी पढ़ें- कैशलेस इंडिया ने पकड़ी रफ्तार, UPI ट्रांजैक्शन ने बनाया नया रिकॉर्ड, दुनिया में भी बढ़ रही पहचान