उत्तर प्रदेश में सड़क परिवहन को और तेज़ करने के लिए राज्य और केंद्र सरकार मिलकर नए एक्सप्रेस-वे नेटवर्क का निर्माण कर रही हैं. ये पहल न सिर्फ राज्य की कनेक्टिविटी को बेहतर बनाएगी, बल्कि प्रदेश के आर्थिक विकास को भी एक नई दिशा देगी. यूपी अब तक देश का सबसे बड़ा एक्सप्रेस-वे नेटवर्क वाला राज्य बन चुका है, और आने वाले चार वर्षों में इसमें और 11 नए एक्सप्रेस-वे जुड़ने जा रहे हैं. इन सड़कों के निर्माण की जिम्मेदारी यूपी एक्सप्रेसवेज इंडस्ट्रियल डिवेलपमेंट अथॉरिटी (UPEIDA) को दी गई है.
एक्सप्रेस-वे से यूपी की कनेक्टिविटी में सुधार
इन नए एक्सप्रेस-वे परियोजनाओं के पूरा होने से यूपी का कनेक्शन न सिर्फ पड़ोसी राज्यों जैसे दिल्ली, राजस्थान, बिहार, और मध्य प्रदेश से बेहतर होगा, बल्कि प्रदेश के विभिन्न हिस्सों, जैसे पश्चिमी यूपी और पूर्वांचल, के बीच यात्रा करना भी और तेज़ और सुविधाजनक हो जाएगा. अधिकारी बताते हैं कि सभी एक्सप्रेस-वे के निर्माण के लिए परियोजना रिपोर्ट (DPR), भूमि अधिग्रहण और निर्माण की टाइमलाइन तय की जा चुकी है. उम्मीद की जा रही है कि 2026 तक यूपी देश के सबसे बड़े एक्सप्रेस-वे नेटवर्क से जुड़ जाएगा.
विस्तार के साथ लिंक एक्सप्रेस-वे पर जोर
आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे को अब फर्रुखाबाद के रास्ते नए लिंक एक्सप्रेस-वे से जोड़ा जाएगा. इस योजना के तहत भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया फरवरी 2026 तक पूरी करने की योजना है. वहीं, चित्रकूट लिंक एक्सप्रेस-वे को अगस्त 2027 तक तैयार किया जाएगा. राजधानी लखनऊ के पास बन रहे इस लिंक एक्सप्रेस-वे के जरिए आगरा-लखनऊ और पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे को जोड़ा जाएगा. अधिकारियों का कहना है कि इस मार्ग का डिज़ाइन अंतिम रूप से तय किया जा चुका है और फरवरी तक भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी.
आर्थिक विकास को मिलेगा बड़ा बढ़ावा
यूपी एक्सप्रेसवे इंडस्ट्रियल डिवेलपमेंट अथॉरिटी (UPEIDA) की योजना के मुताबिक, जिन जिलों में नए एक्सप्रेस-वे का निर्माण होगा, वहां की अर्थव्यवस्था को भी बड़ा बढ़ावा मिलेगा. इन परियोजनाओं के तहत नए लिंक और रिंग रोड बनाए जाएंगे, जो शहरों के बीच यात्रा को तेज करेंगे और ट्रैफिक दबाव को भी कम करेंगे. इन एक्सप्रेस-वे के जरिए टीयर-2 और टीयर-3 शहरों को जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है. इससे इन शहरों में भी औद्योगिक और आर्थिक गतिविधियां बढ़ेंगी.
इंडस्ट्रियल हब के रूप में यूपी का विकास
सरकार की मुख्य योजना यूपी को एक औद्योगिक हब के रूप में विकसित करने की है. नए एक्सप्रेस-वे के साथ ही सरकार इन मार्गों पर इंडस्ट्रियल कॉरिडोर भी विकसित कर रही है. इन कॉरिडोर में मैन्युफैक्चरिंग, लॉजिस्टिक्स और वेयरहाउसिंग हब बनाए जाएंगे. इससे स्थानीय रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और निवेश में भी इज़ाफा होगा. प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों जैसे बुंदेलखंड, पूर्वांचल और तराई में निवेश प्रस्तावों की लंबी लिस्ट है, जो बेहतर सड़क कनेक्टिविटी के साथ साकार हो सकेंगे.
सड़क नेटवर्क से व्यापार और यातायात को मिलेगी नई ताकत
नई एक्सप्रेस-वे परियोजनाओं से न केवल शहरों के बीच यात्रा का समय घटेगा, बल्कि माल ढुलाई और ट्रांसपोर्ट सेक्टर को भी नई ऊर्जा मिलेगी. इन एक्सप्रेस-वे के साथ बने लिंक रोड और रिंग रोड शहरों को सीधे जोड़ेंगे, जिससे शहरों में ट्रैफिक का दबाव कम होगा और व्यापार के लिए रास्ते खुलेंगे.
ये भी पढ़ें: UP: योगी सरकार का महिलाओं को लेकर ऐतिहासिक फैसला, 7 बजे के बाद मर्जी से कर सकेंगी नाइट ड्यूटी