टीम इंडिया को मिला नया टाइटल स्पॉन्सर! Muthoot Fincorp ने हासिल किए राइट्स, एक मैच के मिलेंगे करोड़ों

भारत और वेस्टइंडीज के बीच 27 सितंबर से शुरू होने वाली घरेलू वनडे सीरीज से पहले टीम इंडिया के नए टाइटल स्पॉन्सर को लेकर बड़ी खबर सामने आई है.

Muthoot Fincorp Becomes India Cricket New Title Sponsor
Image Source: ANI

भारत और वेस्टइंडीज के बीच 27 सितंबर से शुरू होने वाली घरेलू वनडे सीरीज से पहले टीम इंडिया के नए टाइटल स्पॉन्सर को लेकर बड़ी खबर सामने आई है. क्रिकबज की रिपोर्ट के मुताबिक, मुथूट फिनकॉर्प ने भारतीय क्रिकेट के अगले दो घरेलू सीजन के लिए टाइटल स्पॉन्सरशिप राइट्स हासिल कर लिए हैं. हालांकि, बीसीसीआई की ओर से इस डील का आधिकारिक ऐलान अभी बाकी है.

4.85 करोड़ रुपये प्रति मैच की बेस प्राइस

रिपोर्ट के अनुसार, टाइटल स्पॉन्सरशिप के लिए प्रति मैच 4.85 करोड़ रुपये की बेस प्राइस रखी गई थी और इसी आधार पर मुथूट फिनकॉर्प के साथ बातचीत हुई है. हालांकि, अंतिम डील की कीमत बेस प्राइस से कम हो सकती है और इसकी स्पष्ट जानकारी बीसीसीआई की आधिकारिक घोषणा के बाद ही सामने आएगी. इससे पहले आईडीएफसी फर्स्ट बैंक टीम इंडिया का टाइटल स्पॉन्सर था, जो प्रति मैच करीब 4.2 करोड़ रुपये का भुगतान कर रहा था.

बोली प्रक्रिया में नहीं मिले पर्याप्त दावेदार

बीसीसीआई के इनविटेशन टू टेंडर में बोली जमा करने की आखिरी तारीख 13 अगस्त थी. रिपोर्ट के मुताबिक, तय समयसीमा तक कोई प्रतिस्पर्धी बोलीदाता सामने नहीं आया, जिसके बाद बोर्ड ने संभावित कंपनियों के साथ सीधे बातचीत शुरू की. इसी प्रक्रिया के बाद मुथूट फिनकॉर्प के साथ डील आगे बढ़ी. इस बीच एसबीआई लाइफ ने कैंपा और ChatGPT के साथ बीसीसीआई के एसोसिएट पार्टनर के तौर पर दो सीजन का करार किया है.

मार्च 2028 तक चलेगा करार

मुथूट फिनकॉर्प के टाइटल राइट्स भारत में खेले जाने वाले घरेलू और अंतरराष्ट्रीय मैचों पर लागू होंगे और यह करार 31 मार्च 2028 तक चलेगा. इस अवधि में करीब 35 घरेलू अंतरराष्ट्रीय मुकाबले शामिल हैं, जिनमें 10 टेस्ट, 12 वनडे और 13 टी20 इंटरनेशनल मैच बताए गए हैं. यह साझेदारी वेस्टइंडीज के खिलाफ 27 सितंबर से शुरू होने वाली घरेलू सीरीज के साथ प्रभावी होगी.

केरल से शुरू होगा मुथूट फिनकॉर्प का सफर

इस नए टाइटल स्पॉन्सरशिप करार के तहत पहला मुकाबला मुथूट के गृह राज्य केरल में खेला जाएगा. भारत और वेस्टइंडीज के बीच पहला वनडे 27 सितंबर को तिरुवनंतपुरम में होना है. बीसीसीआई के घोषित कार्यक्रम के मुताबिक वेस्टइंडीज का भारत दौरा इसी मुकाबले से शुरू होगा और इसके बाद वनडे सीरीज के अन्य मैच खेले जाएंगे.

ये भी पढ़ें: Asian Games में शूटर्स का दबदबा, अनंतजीत-परिनाज की जोड़ी ने मिक्स्ड स्कीट में जीता ब्रॉन्ज मेडल